'शंघाई' की रिलीज के बाद मेरी एक्टिंग स्किल्स की खूब तारीफ हुई : इमरान हाशमी
एक्टर इमरान हाशमी करीब दो दशक से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। वे इन दिनों अपनी नई फिल्म 'ग्राउंड जीरो' की वजह से सुर्खियों में हैं। करिअर की शुरुआत में इमरान को सीरियल किसर का टैग मिला था। इसके बाद उन्हें लंबे समय तक ऐसी ही फिल्में मिलती रहीं। अब इमरान ने इस बारे में खुलकर बात की है। इमरान ने रणवीर इलाहबादिया के पॉडकास्ट में कहा कि फिल्म 'शंघाई' की रिलीज के बाद मेरी एक्टिंग स्किल्स की खूब तारीफ हुई।
लोगों ने ढेर सारा प्यार देने के साथ-साथ कई बुके और गिफ्ट्स भी भेजे। लोगों को लगा कि अच्छा हमें तो लगा कि ये सिर्फ किस करता है ऑनस्क्रीन, लेकिन इसको एक्टिंग भी आती है। वो फिल्म ‘शंघाई’ थी। मुझे क्रिटिक्स ने खूब सराहा था। सक्सेस के लिहाज से वो मेरे करिअर का पीक टाइम था। मेरे एक्सपीरियंस काफी अच्छे रहे हैं। मेरे करिअर में मैंने खूब अनुभव लिए हैं। बता दें कि 'शंघाई' साल 2012 में रिलीज हुई थी। दिबाकर बनर्जी की इस पॉलिटिकल थ्रिलर में अभय देओल, फारूख शेख, कल्की कोचलिन और प्रोसेनजीत चटर्जी भी थे। इमरान ने जीवन के सबसे मुश्किल दौर के बारे में भी बताया।
साल 2014 में जब उनके बेटे अयान को महज 3 साल 10 महीने की उम्र में कैंसर हुआ, तो उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। इमरान ने कहा कि ये मेरी जिंदगी का सबसे बुरा वक्त था। इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। ये दर्द 5 साल तक चला। मुझे बेटे की बीमारी का पता एकदम अचानक चला। 13 जनवरी 2014 को मैं परिवार के साथ होटल में पिज्जा खा रहा था। तभी अयान को यूरिन में खून आने लगा। इसके बाद मैं तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचा, जहां पता चला कि अयान को कैंसर है। अगले ही दिन उसका ऑपरेशन हुआ और फिर कीमोथेरेपी शुरू हुई। आखिरकार 2019 में अयान पूरी तरह ठीक हो गया।













