मशहूर कॉमेडियन गौरव गुप्ता की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। वे खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं। लोग उन पर बेइंतेहा प्यार लुटाते हैं। गौरव इन दिनों अपने इंटरनेशनल टूर को लेकर लाइमलाइट में हैं। वे अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन जैसे देशों में शो कर खूब शौहरत हासिल कर रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके एक शो की क्लिप वायरल हो गई, जिसमें वे एक पाकिस्तानी दर्शक से संवाद करते हुए मजाकिया लहजे में रोस्ट करते दिख रहे हैं। क्लिप में नजर आ रहा है कि शो के बीच में गौरव को पता चलता है कि ऑडियंस में से एक व्यक्ति पाकिस्तान से आया है।
इस पर गौरव मजाक करते हुए पूछते हैं, “पाकिस्तानी भी आए हैं?” जैसे ही यह बात सामने आती है, भारतीय दर्शक हूटिंग करना शुरू कर देते हैं। कोई 'सिंदूर' शब्द पुकारता है तो गौरव ने चुटकी लेते हुए कहा, “बदतमीजी मत करो। भाई आया है। हिम्मत है उसमें जो शो देखने आया है।” गौरव आगे बोलते हैं, “आर्टिस्ट बैन हो गए कोई बात नहीं, ऑडियंस तो अलाउड है।” उनकी यह बात सुनकर हॉल में ठहाके गूंजने लगते हैं। गौरव मजाक को और आगे ले जाते हुए उस पाकिस्तानी से कहते हैं, “चलो, हनुमान चालीसा पढ़ो।” फिर वे उसका नाम पूछते हैं। वह शख्स बोलता है, "हसन।"
इस पर गौरव कहते हैं, “कोड नेम?” गौरव ने पूछा कि क्या पाकिस्तान में भी बनिये होते हैं, तो हसन ने जवाब दिया, “सब समझ आ रहा है।” इस पर गौरव ने तंज कसते हुए कहा, “तो तुम्हें ये क्यों नहीं समझ आता कि नहीं मिलेगा…नहीं मिलेगा कश्मीर। इतने सालों से कह रहे हैं, फिर भी हर बार आ जाते हो।” इस वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट किया, "नहीं मिलेगा शानदार था।" दूसरे ने लिखा, “सही था ये हनुमान चालीसा सुनाओ सबसे अच्छा था।”
तीसरे ने कमेंट किया, “गौरव उसे रोस्ट करते समय झिझक रहा था लेकिन फिर भी उसने इसे शालीनता से किया।” चौथे ने लिखा, “गौरव इस मौके का इस्तेमाल पॉजिटिव तरीके से सेलिब्रेट करने के लिए कर सकता था। उसने जो किया वह बैक-हैंडेड कॉमेडी का इस्तेमाल करना था। निराश हूं।” पांचवें ने लिखा, “आप जैसे कलाकार से बड़ी निराशा हुई।” बता दें गौरव ने 30 मई को अटलांटा में एक शो के साथ अपना यूएस-कनाडा दौरा शुरू किया। इसके बाद शिकागो में एक और शो हुआ।














