फिल्ममेकर दिनेश विजान की अपकमिंग फिल्म ‘थामा’ लंबे समय से सुर्खियां बटोर रही है। फैंस में इस फिल्म का एक अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म में हॉरर लव स्टोरी देखने को मिल सकती है। इस बीच आज सोमवार (18 अगस्त) को मूवी के सभी किरदारों की पहली झलक सामने आ गई। आयुष्मान खुराना ‘आलोक’ का किरदार निभा रहे हैं, जिसे ‘इंसानियत की आखिरी उम्मीद’ बताया गया है। आयुष्मान का इंटेंस लुक है। रश्मिका मंदाना ताड़का बनी हैं, जो ‘रोशनी की पहली किरण’ कही जा रही हैं। यह किरदार कहानी में नई चमक लेकर आएगा।
वो एक जंगल में खड़ी हैं और उनके बाल बिखरे हुए हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ‘यक्षासन’ के रूप में नजर आएंगे, जिन्हें ‘अंधेरे का बादशाह’ कहा जा रहा है। उनका यह दमदार रोल फिल्म में खौफ और गहराई दोनों लेकर आएगा। नवाज पोस्टर में एक डरावनी हंसी हंस रहे हैं। उनके पीछे एक काली देवी या राक्षसों की देवी की प्रतिमा भी नजर आ रही है। परेश रावल ‘राम बजाज गोयल’ का रोल प्ले करेंगे, जिन्हें ‘हमेशा कॉमेडी में ट्रेजेडी ढूंढने वाला शख्स’ कहा गया है। उनका बैकग्राउंड आधा काला और आधा लाल है।
फिल्म का ‘वर्ल्ड ऑफ थामा’ 19 अगस्त को सुबह 11:11 बजे लॉन्च किया जाएगा। कहानी एक ऐसे इतिहासकार की है, जो प्राचीन पांडुलिपियों की खोज में अंधेरे रहस्यों और वैम्पायर गाथाओं से टकराता है। फिल्म में हॉरर और थ्रिल दोनों का संगम है। फिल्म के डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार हैं, जो पिछले साल सुपरहिट मूवी ‘मुंज्या’ लेकर आए थे। फिल्म का प्रोडक्शन दिनेश विजन मैडॉक फिल्म द्वारा किया गया है। संगीत का जिम्मा सचिन-जिगर के पास है। फिल्म दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। फिलहाल इसकी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है। हाल ही फिल्म की अनाउंसमेंट एक वीडियो के साथ की गई थी जिसमें ये साफ किया गया था कि ‘थामा’ में ‘स्त्री’, ‘भेड़िया’ और ‘मुंज्या’ से ज्यादा खतरनाक विलेन होने वाला है।














