अभिनेता हर्षवर्धन राणे की फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' की रैपअप पार्टी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के दौरान हीलियम गुब्बारों में अचानक आग लग गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब हर्षवर्धन अपने साथियों के साथ जश्न मना रहे थे। हालांकि गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। एक्टर ने इस पूरी घटना का वीडियो साझा करते हुए इसे चमत्कार बताया और कहा कि गार्जियन एंजल्स ने उन्हें बचा लिया।
हर्षवर्धन राणे अपनी आगामी फिल्म एक दीवाने की दीवानियत के शूट के पूरा होने की खुशी में पार्टी कर रहे थे। इस दौरान सेट पर केक काटने के साथ पटाखे और सजावट के लिए हीलियम गुब्बारे भी लगाए गए थे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि केक काटते वक्त उनके पीछे पटाखे चल रहे थे और उसी दौरान आग की चिंगारी पास में मौजूद गुब्बारों के एक गुच्छे तक पहुंच गई। कुछ ही सेकंड में गुब्बारे फटने लगे और चिंगारी से भभक कर जल गए। यह पूरी घटना हर्षवर्धन से करीब 8-9 फीट की दूरी पर हुई।














