एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने कई शानदार फिल्मों में काम किया है। वह आखिरी बार फिल्म 'वेलकम टु न्यूयॉर्क' में नजर आई थीं। साल 2018 में आई यह फिल्म खास कमाल नहीं कर पाई थी और इसमें बिपाशा का गेस्ट अपीयरेंस था। फुल फ्लेज्ड रोल की बात करें तो बिपाशा ने साल 2015 में 'अलोन' में काम किया था। बिपाशा ने एक्टर करण सिंह ग्रोवर के साथ शादी के बाद सिनेमा जगत से दूरी बना ली थी और तब से वह ज्यादातर समय अपने परिवार को दे रही हैं। उनके एक बेटी देवी हैं। बहरहाल बिपाशा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं हैं, जिनमें वह पहले के मुकाबले काफी हैवी नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों को देखकर हर कोई काफी हैरान नजर आ रहा है। बता दें डिलीवरी के बाद बिपाशा का वजन जरूर बढ़ा था, लेकिन बाद में इसे कंट्रोल कर लिया था। बिपाशा ने सोशल मीडिया पर पिछली पोस्ट 3 दिन पहले की थी जिसमें वह कैट आई सनग्लासेज पहने थीं। इनमें वह बिलकुल नॉर्मल नजर आ रही हैं। उनका वजन भी उतना नहीं है जितना वायरल फोटो में दिखाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि जिम से बाहर निकलते हुए हाल ही में बिपाशा की ये तस्वीरें ली गई हैं।
ज्यादातर अकाउंट जो इन तस्वीरों को साझा कर रहे हैं वो वैरिफाइड नहीं हैं। ऐसे में लग रहा है कि बिपाशा की फोटो से छेड़छाड़ की गई है। एक यूजर ने कमेंट सेक्शन में बिपाशा के आधिकारिक अकाउंट पर कमेंट किया, “कौन-कौन बिपाशा की वायरल फेक फोटो देखकर यहां आया है।" दूसरे यूजर ने लिखा, “बिपाशा बहुत से लोग सोशल मीडिया पर आपकी फर्जी तस्वीरें साझा करके दावा कर रहे हैं कि आपका लुक और अपीयरेंस पूरी तरह बदल गया है। मैं यकीन से कह सकता हूं कि आपने भी इन ट्रॉल्स की वायरल की हुई तस्वीरें देखी होंगी। बस ये कहना चाहूंगा कि इस बारे में मत सोचना ऐसे लोगों से आपको कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए।” बता दें अभी तक बिपाशा ने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दी है।














