एमटीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘रोडीज डबल क्रॉस’ को रविवार (1 जून) को अपना विजेता मिल गया। शो की ट्रॉफी गैंग लीडर एल्विश यादव की गैंग के मेंबर कुशाल तंवर उर्फ ‘गुल्लू’ ने चूमी। ट्रॉफी के साथ-साथ कुशाल ने करिज्मा एक्सएमआर बाइक और 10 लाख रुपए की प्राइज मनी भी जीत ली। एल्विश पहली बार रोडीज में बतौर गैंग लीडर शामिल हुए और उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ दी। फिनाले में कुशाल ने 6 को-कंटेस्टेंट को मात दी। कुशल ने फाइनल टास्क एक मिनट 16 सैकंड में पूरा किया और वे शो के विजेता घोषित किए गए।
शो के पहले रनरअप हरताज सिंह गिल रहे, जो प्रिंस नरूला की टीम से ताल्लुक रखते हैं। ग्रैंड फिनाले का अंतिम टास्क कुशाल और हरताज के बीच ही कराया गया था और दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कुशाल ने फाइनल में पहुंचे जिन कंटेस्टेंट्स को पछाड़ा, उनमें हरताज, ऋषभ सचदेव, प्रिया शर्मा और आरडी देधा शामिल थे। इस सीजन में गैंग लीडर के तौर पर एल्विश और प्रिंस के अलावा नेहा धूपिया, रिया चक्रवर्ती और गौतम गुलाटी भी नजर आए। कुशाल के शानदार गेम से सभी गैंग लीडर्स के साथ उनके को-कंटेस्टेंट भी उनके सपोर्ट में थे।
शो जीतने के बाद उनकी गैंग के सभी लोग काफी खुश हो गए। शो से पहले एलिमिनेट होने के बाद दोबारा शो में वाइल्डकार्ड गैंग लीडर गौतम की गैंग में शामिल होकर खेलने वाले कुशाल ने टिकट टू फिनाले जीतकर अपने गैंग लीडर को डबल क्रॉस करके पुरानी गैंग में वापसी कर थी। कुशाल पेशे से एक बॉक्सर हैं। साथ ही वे एक डिजिटल क्रिएटर भी हैं। कुशाल सोशल मीडिया पर फैंस के बीच काफी मशहूर हैं। उन्हें इंस्टाग्राम पर 311k लोग फॉलो करते हैं।














