अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बरकरार रखी है। रिलीज के पहले दो दिनों में मजबूत कमाई करने के बाद फिल्म ने तीसरे दिन यानी रविवार को भी शानदार कारोबार किया। शुरुआती बॉक्स ऑफिस ट्रेंड के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को 61 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही 'दृश्यम 3' ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
तीसरे दिन फिर मजबूत रही कमाई
'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर 62 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में कुछ गिरावट आई और इसने 53.50 करोड़ रुपये जुटाए। हालांकि, रविवार को फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ी और 61 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, तीसरे दिन के 61 करोड़ रुपये जोड़ने के बाद 'दृश्यम 3' की भारत में तीन दिनों की कुल नेट कमाई 176.50 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
फिल्म का प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी का फाइनल चैप्टर है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर को लेकर रिलीज से पहले से ही चर्चा थी और शुरुआती दिनों में मिले पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर इसके बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है।
'पठान' को पीछे छोड़कर टॉप-4 में पहुंची 'दृश्यम 3'
रविवार की 61 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'दृश्यम 3' बॉलीवुड की उन फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जिन्होंने अपने पहले रविवार को सबसे ज्यादा कमाई की। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने शाहरुख खान की 'पठान' को पीछे छोड़ दिया है।
'दृश्यम 3' की एंट्री के बाद 'स्त्री 2' भी इस टॉप-5 सूची से बाहर हो गई है। 'स्त्री 2' ने अपने पहले रविवार को 58.2 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि 'पठान' का फर्स्ट संडे कलेक्शन 60.75 करोड़ रुपये बताया गया है।
फर्स्ट संडे सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की सूची इस तरह है:
धुरंधर 2 – 121 करोड़ रुपये
जवान – 80.1 करोड़ रुपये
एनिमल – 70.69 करोड़ रुपये
दृश्यम 3 – 61 करोड़ रुपये
पठान – 60.75 करोड़ रुपये
स्त्री 2 – 58.2 करोड़ रुपये
अजय देवगन के साथ ये सितारे भी अहम भूमिकाओं में
'दृश्यम 3' में अजय देवगन ने विजय सलगांवकर का किरदार निभाया है। फिल्म की स्टार कास्ट में श्रिया सरन, तबू, रजत कपूर और ईशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए हैं। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की कहानी को आगे बढ़ाते हुए इसके फाइनल चैप्टर के तौर पर पेश की गई है।














