मशहूर निर्माता विशाल भारद्वाज ने अपनी अपकमिंग फिल्म में अभिनेत्री दिशा पटानी की खास भूमिका की अनाउसमेंट कर दी है। इसमें लीड एक्टर शाहिद कपूर होंगे। यह पहली बार होगा जब दिशा और शाहिद स्क्रीन पर एक साथ दिखेंगे। इस एक्शन थ्रिलर में दिशा एक विशेष कैमियो रोल में नजर आएंगी। विशाल ने सोशल मीडिया पर दिशा के साथ एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए इस खबर को कंफर्म किया और बताया कि यह रोल खास तौर पर उनके लिए लिखा गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार दिशा फिल्म में दो शानदार डांस नंबर्स में शाहिद के साथ ताल से ताल मिलाती नजर आएंगी।
ये गाने बड़े पैमाने पर बनाए गए हैं, जिनमें बेहतरीन सेट्स और तगड़ी कोरियोग्राफी होगी। दोनों गानों में शाहिद और दिशा की केमिस्ट्री दर्शकों को एक शानदार अनुभव देगी। शाहिद शानदार डांसिंग स्किल्स के लिए जाने जाते हैं और दिशा एनर्जेटिक परफॉर्मेंस के लिए मशहूर हैं। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही है। इस प्रोजेक्ट में शाहिद के साथ तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर और रणदीप हुड्डा के भी अहम रोल हैं।
विशाल और शाहिद की जोड़ी इससे पहले 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' जैसी फिल्मों में कमाल कर चुकी है। शाहिद पिछली बार पूजा हेगड़े के साथ फिल्म 'देवा' में नजर आए थे, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। हालांकि यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर कुछ कमाल नहीं दिखा सकी। आने वाले समय में शाहिद एक से बढ़कर एक फिल्मों में नजर आएंगे। दूसरी ओर दिशा ने 'मलंग', 'बागी 2' और 'कल्कि 2898 AD' जैसी फिल्मों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। दिशा की पर्सनल लाइफ की बात करें तो लंबे समय तक उनका नाम टाइगर श्रॉफ के साथ जुड़ा था। हालांकि बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। दिशा अपने ग्लैमरस अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर बोल्ड फोटो और वीडियो शेयर करती हैं।














