साल 2002 में आई म्यूजिकल थ्रिलर मूवी ‘राज’ सुपरहिट रही थी। इसमें डिनो मोरिया और बिपाशा बसु की जोड़ी को लोगों ने काफी पसंद किया था। हालांकि कम ही लोग जानते होंगे कि इसी फिल्म के दौरान इन दोनों का रिश्ता असलियत में टूट गया था। उनके रिश्ते में ऐसी दरार आई कि सालों तक साथ रहने के बाद दोनों ने अलग-अलग रास्ते अपना लिए। अब डिनो ने एक इंटरव्यू में इस मामले में खुलकर बात की है। डिनो ने हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में कहा कि ‘राज’ में हम दोनों की केमेस्ट्री लोगों को बहुत पसंद आई थी।
‘राज’ की शूटिंग के दौरान जब हमारा ब्रेकअप हो रहा था, सच कहूं तो वो मैं ही था जिसने ब्रेकअप किया था। ये काफी मुश्किल था और रोज बिपाशा को देखकर महसूस होता था कि वो कितनी अपसेट है। हम उस वक्त बड़े ही मुश्किल और इमोशनल दौर से गुजर रहे थे। साथ-साथ काम करने के दौरान हमारा ब्रेकअप हुआ, हमने ऑलरेडी अलग-अलग रास्ता चुन लिया था। हमने कोशिश भी की इसे ठीक करने की लेकिन वो फिक्स नहीं हो पा रहा था। इसके बाद मैंने मूव ऑन कर लिया।
ये काफी मुश्किल था क्योंकि जिसके साथ आपने काफी वक्त बिताया हो, आप अलग हो रहे हैं। उसी दौरान हम साथ में काम भी कर रहे हैं। उस दौरान हम दोनों ही परेशान थे और ये मुश्किल घड़ी थी। उस दौरान भले ही मुश्किलें रही हों लेकिन हमेशा इस बात पे विश्वास रहा कि आखिर में सब ठीक हो जाता है। अब हम दोनों अच्छे दोस्त हैं। हम एक-दूसरे की कंपनी काफी एंजॉय करते हैं इसलिए हमने दोस्त बने रहने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि जब बिपाशा ने साल 2016 में एक्टर करण सिंह ग्रोवर के साथ शादी रचाई थी, तब एक्ट्रेस ने अपने रिसेप्शन में डिनो को भी इनवाइट किया था और वो फंक्शन में पहुंचे भी।
डिनो मोरिया ने कहा, अगर शादी करनी होगी, तो जरूर करूंगा लेकिन…
डिनो से जब उनके रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘हो सकता है, हां।’ हालांकि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड का नाम नहीं बताया। इसके अलावा एक्टर ने अपनी शादी को लेकर भी विचार साझा किए। डिनो 49 साल के हो गए हैं और वे अभी तक कुंवारे हैं। डिनो ने कहा कि मेरे हिसाब से शादी सिर्फ एक मोहर होती है, एक कॉन्ट्रेक्ट की तरह, जिसमें दो लोग अपनी पूरी जिंदगी साथ बिताने का वादा करते हैं। असल बात यह है कि आप एक-दूसरे के साथ रहें, साथ में बूढ़े हों, लेकिन एक-दूसरे को अपनी अलग पहचान और स्पेस भी दें।
अब मेरा मानना है कि शादी सिर्फ एक सामाजिक धारणा है। इसमें बस कागज पर साइन करना होता है कि आप दोनों पूरी जिंदगी साथ रहेंगे। अगर किसी वजह से रिश्ता नहीं निभ पाता, तो उसे खत्म करने का भी विकल्प होता है। इसमें भी एक दिक्कत है। मुझे अपने पार्टनर के साथ पूरी जिंदगी बिताने का ख्याल अच्छा लगता है। अगर शादी करनी होगी, तो जरूर करूंगा, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि मैं जिससे भी प्यार करूं, उसके साथ खुश रहूं। डिनो जल्द ही 'हाउसफुल 5' में नजर आएंगे, जो मल्टीस्टारर फिल्म है।














