दिग्गज फिल्ममेकर जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता के घर खुशियों का आगमन हुआ है। निधि ने शादी के 4 साल बाद पति बिनॉय गांधी के साथ बेबी गर्ल का वेलकम किया है। निधि आगामी मूवी ‘बॉर्डर 2’ की निर्माता हैं, जिसमें सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी, दिलजीत दोसांझ जैसे सितारे नजर आएंगे। गुरुवार (17 जुलाई) शाम कपल ने एक जॉइंट इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बेटी के जन्म का ऐलान किया। उन्होंने बेटी का नाम ‘सितारा’ रखा है। पोस्ट में लिखा, “वह आ गई है। बेहद खुश और प्रसन्न माता-पिता। निधि और बिनॉय।” सितारा का जन्म 7 जुलाई को हुआ था।
पोस्ट सामने आने के बाद निधि और बिनॉय को फिल्म इंडस्ट्री के लोग और फैंस जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं। आयुष्मान खुराना की पत्नी राइटर और प्रोड्यूसर ताहिरा कश्यप ने लिखा, "वाह, बधाई हो।" इसी साल बेटी को जन्म देने वालीं एक्ट्रेस अथिया शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “इस दुनिया में आपका स्वागत है, सितारा।” कुछ समय पहले निधि ने एक पोस्ट में Infertility and IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) के उतार-चढ़ाव से गुज़रते अपने सफर को शेयर किया था।
उन्होंने अपनी बेबी बंप वाली तस्वीर के साथ लिखा था, “भारत के अलावा किसी और देश में इस तस्वीर को 'सेंसिटिव मैटेरियल' के रूप में टैग किया जाता। यह तस्वीर वर्षों की लालसा, शक्ति और डेडीकेशन का प्रतीक है।” उन्होंने ये भी याद किया कि कैसे टीटीसी (गर्भधारण करने की कोशिश) के सफर के दौरान गर्भावस्था की घोषणाएं उनके लिए मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती थीं।
निधि ने स्वीकार किया कि उन्होंने इस शब्द के बारे में तब तक कभी सुना भी नहीं था जब तक कि वह खुद इसका हिस्सा नहीं बन गईं। निधि ने साल 2021 में बिनॉय के साथ शादी की थी। बिनॉय पेशे से डायरेक्टर हैं। बता दें निधि ‘बॉर्डर 2’ की प्रोड्यूसर और राइटर हैं। अनुराग सिंह फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म साल 2026 में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होगी।














