सैफ अली खान (Saif Ali Khan) इस बार भूत पुलिस नामक हॉरर कॉमेडी के साथ ओटीटी स्क्रीन पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस बीच सोमवार को सैफ की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान (Kareen Kapoor Khan) ने इस फिल्म को लेकर दर्शकों की बेसब्री और बढ़ा दी है। एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने फिल्म से उनका फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया। यह फिल्म डिज़्नी प्लस हॉट स्टार पर रिलीज होगी। हालाँकि अभी मेकर्स ने डेट का ऐलान नहीं किया है।
भूत पुलिस के इस नए पोस्टर में सैफ काले रंग की जैकेट में नज़र आ रहे हैं। उनके बालों और दाढ़ी को पूरी तरह से स्टाइल में दिखाया गया है। पोस्टर के बैकग्राउंड में एक मंदिर और साधु नज़र आ रहे हैं। सैफ ने हाथ में एक स्केप्चर पकड़ा हुआ है जिस पर सोने के जेवर लटक रहे हैं जो उनके किरदार को बहुत ही खुंखार दिखा रहा है। सैफ के देखने का अंदाज़ उनके नेगेटिव रोल की तरफ इशारा कर रहा है।
सैफ अली खान के फर्स्ट लुक पोस्टर को शेयर करते हुए करीना कपूर खान ने कैप्शन में लिखा- 'पैरानॉर्मल से न डरें और विभूति के साथ सैफ महसूस करें।' करीना ने इस कैप्शन को थोड़ा मजेदार बनाने के लिए सुरक्षित की अंग्रेजी में स्पेलिंग Safe की जगह Saif लिखी है। इस पोस्टर के रिलीज होने के बाद सैफ के फैंस इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सैफ के फैंस को उनका ये नया अवतार काफी पसंद आ रहा है।














