शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' बेहिसाब विरोध के बावजूद ब्लॉकबस्टर हिट हो गई और न सिर्फ हिट हुई बल्कि इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड ब्रेकिंग कारोबार किया है। दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम और सलमान खान स्टारर पठान के हिंदी वर्जन ने बुधवार को 55 करोड़, गुरुवार को 68 करोड़, शुक्रवार को 38 करोड़, शनिवार को 51.5 करोड़ का कारोबार किया। पहले ही दिन 50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस करके फिल्म ने साफ कर दिया कि यह तूफान थमने वाला नहीं है।
'पठान' की सक्सेस के बाद रविवार को शाहरुख खान ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया। किंग खान ने अपने बंगले मन्नत की बालकनी में आकर 'झूमे जो पठान' सॉन्ग के स्टेप्स किए और फ्लाइंग किस देते हुए अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया। शाहरुख खान ने अपना सिगनेचर पोज देकर फैंस को खुश किया और मन्नत के बाहर खड़ी भीड़ भी बादशाह खान के साथ झूमती नजर आई।














