भारत और पाकिस्तान के बीच आज शनिवार (10 मई) शाम सीजफायर की घोषणा हो गई है। इसके ऐलान पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि ये फैसला दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर हुआ है। इसके साथ बॉलीवुड सेलेब्स की भी रिएक्शन आनी शुरू हो गई। एक्ट्रेस रवीना टंडन ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “अगर यह सच है, तो यह एक स्वागत योग्य निर्णय है। सीजफायर। लेकिन कोई गलती न करें, जिस दिन भारत फिर से राज्य प्रायोजित आतंकवाद से लहूलुहान होगा, यह युद्ध की कार्रवाई होगी और फिर भुगतान करने के लिए नरक होगा।
#IMF को बेहतर तरीके से ट्रैक करना चाहिए कि उनका पैसा कहां जाता है, बड़ी शक्तियों ने अपने पिछले ऋणों को चुकाने के लिए या अधिक गोला-बारूद खरीदने के लिए या जो भी हो, इस ऋण को मंजूरी दी होगी। लेकिन अभी और कभी भी भारत को फिर से लहूलुहान नहीं होना चाहिए।” वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई है, जिसमें उन्होंने लिखा, “भारत ने पाकिस्तान के साथ तत्काल प्रभाव से सीजफायर की पुष्टि की।” दिशा पटानी की बहन खुशबू ने लिखा, “युद्ध विराम का ऐलान हो गया है। आज जल, थल और वायु सभी में युद्ध विराम। जंग रुक गई है, दोनों साइड रुक जाएंगी…दोनों फायरिंग रोक देंगी।”
सैफ अली खान ने लिखा, “मैं अपनी सरकार और पहलगाम में निर्दोष लोगों के नरसंहार के प्रति उनकी प्रतिक्रिया के साथ पूरी तरह एकजुटता और समर्थन में खड़ा हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हमारी धरती पर हुए इस हालिया आतंकी हमले की हिंसा से टूट चुके परिवारों के साथ है। मैं हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी और साहस को सलाम करता हूं और हमें सुरक्षित रखने के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि हम सभी आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हों। जय जवान, जय हिंद।” करीना कपूर खान ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “रब राखा जय हिंद।”
मलाइका अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर मार्को रुबियो की पोस्ट री-शेयर करते हुए लिखा कि थैंक्स गॉड और इसके संग हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी शेयर की है। एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा कि भारत-पाकिस्तान ने जल, थल और वायु सीजफायर का ऐलान कर दिया है। इसके संग एक्ट्रेस ने हाथ जोड़ने वाली इमोजी शेयर की हैं। फैशन दीवा उर्फी जावेद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोस्ट शेयर की है।
जाने-माने फिल्म मेकर शेखर कपूर ने एक्स पर लिखा, “आज युद्ध विराम की घोषणा की गई, शाम 5 बजे से वापसी शुरू हो गई। उम्मीद है कि भारत के खिलाफ आतंकवाद का समर्थन करने वाले सभी लोगों को अब यह एहसास हो गया होगा कि हमारा नेतृत्व सख्त और उचित कार्रवाई करने में पीछे नहीं हटेगा। अब भारत वह कर सकता है, जिसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।” इसी तरह करण जौहर, कृति खरबंदा, अथिया शेट्टी, मानुषी छिल्लर, अंशुला कपूर, अनुषा दांडेकर, स्वरा भास्कर, चित्रांगदा सिंह सहित कई सितारों ने भी रिएक्शन दी है।














