वेब सीरीज 'आश्रम' में एक्टर बॉबी देओल ने ‘बाबा निराला’ के रूप में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। इस सीरीज से वे एक बार फिर से एक्टिंग की दुनिया में हाईलाइट हुए। अब बॉबी स्क्रीन पर ‘बाबा निराला’ बनकर कमबैक कर रहे हैं। ‘आश्रम 3’ के पार्ट 2 का टीजर सामने आ गया है। यह जल्द ही रिलीज होने के लिए तैयार है। टीजर में बॉबी फिर सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके अलावा पम्मी भी दमदार रोल के साथ वापसी कर रही हैं जो सारी हदें पार कर ‘बाबा निराला’ से अपना बदला लेंगी।
बॉबी ने आज बुधवार (12 फरवरी) को इसका टीजर अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। टीजर की शुरुआत में ‘बाबा निराला’ के भक्तों की भीड़ दिखती है। उनके दरबार में हजारों की भीड़ उनके स्वागत में रहती है। ‘पम्मी’ को दुल्हन बनते दिखाया जाता है जिससे ‘बबीता’ कहती है कि वह बदले के लिए आग में कूद रही है और भस्म हो जाएगी। ‘पम्मी’ मन ही मन कोई गहरी चाल चलती है और कहती है 'अकेले तो भस्म नहीं होने वाली।’
सीरीज में बॉबी के साथ त्रिधा चौधरी, अदिति पोहनकर, चंदन रॉय सान्याल, दर्शन कुमार, सचिन श्रॉफ, अनुरीता झा, राजीव सिद्धार्थ जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। वेब सीरीज का डायरेक्शन प्रकाश झा ने किया है। इसके अब तक 3 पार्ट आ चुके हैं। फिलहाल तीसरे पार्ट के दूसरे भाग की रिलीज से पर्दा नहीं उठा है। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन एमएक्स प्लेयर पर देख सकेंगे। उल्लेखनीय है कि बॉबी ने साल 2023 के अंत में आई फिल्म ‘एनिमल’ में तगड़ी एक्टिंग कर सबका दिल जीता था। इसमें उनका छोटा सा विलेन का रोल था, लेकिन आज तक उसकी चर्चा होती है।














