‘बिग बॉस 20’ की शुरुआत के साथ ही घर में विवादों का दौर तेज हो गया है। शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुईं बॉक्सर मैरी कॉम भी अपने करियर और निजी सफर को लेकर खुलकर बात करती नजर आईं। ऑस्ट्रियाई एक्टर रोहेद खान के साथ बातचीत के दौरान मैरी उन लोगों पर नाराज दिखाई दीं, जो उनकी कामयाबी का श्रेय उनके एक्स हसबैंड को देते हैं।
अपनी कामयाबी का क्रेडिट किसी और को देने पर नाराज मैरी
जियो हॉटस्टार के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए प्रोमो में मैरी कॉम किचन एरिया में रोहेद खान से बातचीत करती दिखाई देती हैं। अपने बॉक्सिंग करियर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें तब गुस्सा आता है, जब कोई यह कहता है कि उनके एक्स हसबैंड ने उन्हें बनाया या उनकी सफलता में वही जिम्मेदार रहे।
मैरी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके एक्स हसबैंड खुद कभी रिंग में नहीं उतरे और न ही उन्होंने वह ट्रेनिंग की, जिससे उन्हें गुजरना पड़ा। मैरी के मुताबिक, उन्होंने दिन-रात मेहनत की, कई बार बिना खाए और बिना सोए ट्रेनिंग की। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए यह सफर बिल्कुल आसान नहीं था।
मैरी ने साफ शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “वो कभी खुद रिंग में नहीं उतरे, उन्होंने रिंग में मार नहीं खाई। उन्होंने थोड़ी न ट्रेनिंग की है।” इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बिना खाए और बिना सोए दिन-रात ट्रेनिंग की है और ऐसा करना आसान नहीं है।
रोहेद और ईशा रिखी ने मैरी की बात का किया समर्थन
मैरी कॉम की बात सुनने के बाद रोहेद खान उनकी बात से सहमत नजर आए। ईशा रिखी ने भी मैरी की बात का समर्थन किया। रोहेद ने कहा कि कई बार लोग किसी व्यक्ति की चुप्पी को उसकी कमजोरी समझ लेते हैं।
उन्होंने बातचीत में यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति चुप रहना चुनता है, तो इसका मतलब यह जरूरी नहीं कि उस पर किसी का नियंत्रण है। उनके मुताबिक, कई बार चुप्पी धैर्य और ताकत को भी दिखाती है।
अरिश्फा, आम्रपाली और माही विज के बीच बढ़ी बहस
‘बिग बॉस 20’ के घर में दूसरी ओर अरिश्फा खान, आम्रपाली दुबे और माही विज के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विवाद की शुरुआत अरिश्फा को बच्ची कहे जाने से हुई। इस पर उन्होंने कहा कि भले ही दूसरे लोग उन्हें बच्ची मानते हों, लेकिन उनका दिमाग उनसे ज्यादा तेज है।
अरिश्फा की इस बात पर आम्रपाली दुबे ने उन्हें रील बनने की बात कहते हुए रोकने की कोशिश की। इस पर अरिश्फा नाराज हो गईं और उन्होंने कहा कि उन्हें रील कटवाने की जरूरत नहीं है।
इसके बाद आम्रपाली ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसी दौरान माही विज भी बहस में शामिल हो गईं। अरिश्फा ने दोनों को पाखंडी कह दिया, जिसके बाद मामला और गरमा गया। इसके बाद आम्रपाली और माही ने भी अरिश्फा को जवाब दिया और तीनों के बीच जमकर बहस हुई।
शो के शुरुआती दिनों में ही दिखने लगा विवाद
‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच मतभेद सामने आने लगे हैं। मैरी कॉम जहां अपने बॉक्सिंग करियर की मेहनत और सफलता को लेकर खुलकर बोलती नजर आईं, वहीं घर के दूसरे सदस्यों के बीच बहस ने भी शो के शुरुआती एपिसोड्स को चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20 में मैरी कॉम का छलका दर्द, बोलीं- मणिपुर के लिए कुछ नहीं कर पाई, मुझे शर्म आती है














