बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस ने एक बार फिर अपनी इंसानियत का उदाहरण पेश किया है। हाल ही में उन्होंने एक ऐसे छोटे बच्चे से मुलाकात की जो एक गंभीर और दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है। न केवल उन्होंने बच्चे और उसके परिवार के साथ समय बिताया, बल्कि इस मासूम के पूरे इलाज का खर्च भी वह खुद उठाने को तैयार हुईं। जैकलीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह बच्चे के साथ खेलती और उसके साथ बातचीत करती नज़र आ रही हैं।
कौन है वह मासूम बच्चा जिसके लिए बनी जैकलीन देवदूत
मुंबई के पास भिवंडी स्थित चव्हाण कॉलनी में रहने वाले नासिर शेख का 11 महीने का बेटा, मोहम्मद मेहबूब शेख, जन्म से ही हाइड्रोसिफलस जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। इस बीमारी में बच्चे के सिर में पानी भरने लगता है, जिससे सिर का आकार असामान्य रूप से बढ़ जाता है। फिलहाल इस मासूम के सिर का वजन लगभग 10 से 12 किलो तक पहुंच गया है।














