टाइगर श्रॉफ की मोस्ट अवेटेड एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘बागी 4’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। 3 मिनट 41 सेकंड लंबे इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर आते ही धूम मचा दी है। इसमें एक्शन, रोमांस और खून-खराबा का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में टाइगर श्रॉफ अपने करियर के अब तक के सबसे तीव्र और खतरनाक किरदार में दिखाई दे रहे हैं, वहीं संजय दत्त की एंट्री विलेन के रूप में दर्शकों को चौंकाती है।
टाइगर श्रॉफ का एक्शन और इमोशन
ट्रेलर की शुरुआत टाइगर श्रॉफ के हिंसक अंदाज से होती है, जहां वह कुल्हाड़ी लेकर गुंडों पर टूट पड़ते हैं। इसके बाद उन्हें अलग-अलग शेड्स में दिखाया गया है—कहीं वह एयरफोर्स ऑफिसर बने नजर आते हैं, तो कहीं प्रेमी की भूमिका में दिखाई देते हैं। कुछ दृश्यों में वह पूरी तरह ‘एनिमल’ जैसे हिंसक रूप में दिखाई देते हैं, तो कुछ सीन में उनकी याददाश्त खो जाने वाली ‘गजनी’ जैसी झलक भी मिलती है। इस तरह टाइगर का किरदार इमोशन और एक्शन का मेल पेश करता है।
संजय दत्त बने खूंखार विलेन
संजय दत्त की एंट्री चर्च के अंदर खून से लथपथ हालत में होती है, जो उनके खतरनाक किरदार की गहराई को दर्शाती है। ट्रेलर में उन्हें निर्दयी खलनायक के रूप में दिखाया गया है, जो टाइगर की लेडी लव को बंदी बना लेता है। इसके बाद कहानी खून-खराबे, सिर कलम करने और खौफनाक हत्याओं से आगे बढ़ती है, जिससे फिल्म का हिंसक और डार्क टोन साफ दिखाई देता है।














