मशहूर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया इस समय माता-पिता को लेकर किए गए भद्दे कमेंट के कारण हर ओर से घिरे हुए हैं। सब लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रणवीर ने हालांकि माफी मांग ली है, लेकिन गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा। इस बीच विवाद को देखते हुए नामी सिंगर बी प्राक ने रणवीर के पॉडकास्ट में जाने से इनकार कर दिया है। बी प्राक ने कहा कि मैं ‘बीयर बाइसेप्स’ (रणवीर) के पॉडकास्ट में जाने वाला था, लेकिन अब इसे कैंसिल कर दिया है। वजह यह है कि उनकी गिरी हुई मानसिकता है।
समय रैना के शो में कैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। यह हमारा इंडियन कल्चर नहीं है। बी प्राक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा, “आप अपने पैरेंट्स की कौनसी स्टोरी बता रहे हैं। आप उनकी कौनसी बातें कर रहे हैं। किस तरीके से यह बातें कर रहे हैं। यह कॉमेडी है? इसे कॉमेडी तो बिल्कुल नहीं कहते। लोगों को गालियां देना, लोगों को गालियां सिखाना स्टैंड-अप कॉमेडी नहीं है। मुझे समझ ही नहीं आ रहा है कि यह कौन सी जनरेशन है। शो में एक सरदार (बलराज घई) जी आते हैं। सरदार जी आप एक सिख हैं, क्या आपको यह चीजें शोभा देती हैं।
सरदार जी इंस्टाग्राम के वीडियो में कहते हैं कि मैं गालियां देता हूं, क्या प्रॉब्लम है। हमें प्रॉब्लम है और रहेगी। रणवीर अलाहबादिया आप सनातन धर्म को प्रमोट करते हैं। इतने बड़े-बड़े लोग आपके पॉडकास्ट में आते हैं, बड़े-बड़े संत आते हैं और आपकी इतनी घटिया सोच है। आप इतने फेमस हो गए हैं। आपको तो यह दिखाना चाहिए कि अपने कल्चर को कैसे प्रमोट करें।
दोस्तों मैं आपसे एक ही बात बोलूंगा कि अगर हम यह सारी चीजें नहीं रोक पाए, तो हमारी आने वाली जनरेशन का भविष्य बहुत खराब होगा। मैं समय रैना समेत सभी कॉमेडियन से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि ऐसा मत करिए। हमारे इंडियन कल्चर को बचा कर रखिए और लोगों को मोटिवेट करिए। ऐसा कंटेंट बनाइए कि आने वाली जनरेशन को प्रेरणा मिले। थैंक्यू, राधे-राधे।”














