महेश भट्ट ने मुझे भारतीय फिल्म उद्योग में 40 साल पूरे होने पर बधाई दी : अनुपम खेर
अनुपम खेर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता माने जाते हैं। उन्होंने अब तक के करिअर में कई सुपरहिट फिल्मों में यादगार भूमिकाओं को अंजाम दिया है। अनुपम चाहे विलेन हो या फिर कॉमेडियन हर प्रकार के रोल में फिट नजर आए। हाल ही उनकी मूवी 'विजय 69' नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। इस बीच, अनुपम ने एक पोस्ट शेयर कर महेश भट्ट की जमकर तारीफ की। अनुपम ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने मुझे भारतीय फिल्म उद्योग में 40 साल पूरे होने पर बधाई दी।
महेश भट्ट एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने मुझे स्क्रीन पर एक अभिनेता के रूप में पहचान दी। कभी-कभी तस्वीरें सभी भावनाओं को कैद नहीं कर पातीं। आप देख सकते हैं कि मैं अपने गुरु, मित्र और मार्गदर्शक महेश भट्ट साहब से यह पाकर कितना उत्साहित हूं, उन्होंने मुझे भारतीय फिल्म उद्योग में 40 साल पूरे करने पर बधाई दी है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे इतने सालों में अपने काम के लिए बहुत प्यार मिला है, लेकिन आज मुझे लग रहा है कि ये मेरा सबसे बड़ा पुरस्कार है। महेश भट्ट की ओर से मिले इस प्यार स्नेह के दौरान मेरे आंखों से आंसू बह रहे थे।
आप मेरी भावनाओं को नहीं देख पा रहे हैं, आप नहीं देख पा रहे हैं कि भट्ट साहब के प्यार के इस भाव ने मुझे पूरी तरह से अभिभूत कर दिया और कितनी सारी यादें वापस ला दी। महेश भट्ट एक ऐसे शख्स हैं जिन्होंने मुझे स्क्रीन पर एक अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। उन्होंने मुझे एक इंसान और एक कलाकार बनाया। उन्होंने मुझे हर स्तर पर बदल दिया। मुझे खुद पर विश्वास दिलाने के लिए मैं उनका हमेशा ऋणी रहूंगा।” बता दें अनुपम की पहली फिल्म 1984 में आई ‘सारांश’ थी, जिसके डायरेक्टर महेश भट्ट ही थे।













