‘द बंगाल फाइल्स’ में महात्मा गांधी के रोल में अनुपम खेर, फैंस के लिए पहला लुक जारी
‘द बंगाल फाइल्स’ में अनुपम खेर महात्मा गांधी का रोल निभाते नजर आएंगे। 15 अगस्त को शेयर किए गए फर्स्ट लुक ने फैंस को रोमांचित कर दिया। फिल्म 5 सितंबर 2025 को थिएटर्स में रिलीज़ होगी और 1946 के कोलकाता दंगे व नोआखाली नरसंहार की घटनाओं पर आधारित है।
Posts by : Kratika Maheshwari |
Updated on: Fri, 15 Aug 2025 5:23:51
डायरेक्टर और प्रोड्यूसर विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ इन दिनों खूब सुर्खियों में है। फिल्म में अनुभवी अभिनेता अनुपम खेर अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। 15 अगस्त के अवसर पर अनुपम खेर ने फिल्म से अपना पहला लुक शेयर किया, जिसे फैंस ने बेहद पसंद किया। उनके फर्स्ट लुक को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
अनुपम खेर के किरदार की खासियत
फिल्म में अनुपम खेर महात्मा गांधी का रोल अदा कर रहे हैं। लुक शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “कुछ किरदार आपकी सोच और आदतें बदल देते हैं। गांधीजी का किरदार उनमें से एक है जिसे मैं निभा रहा हूं। यह मेरा पहला लुक है, जो मैंने विवेक अग्निहोत्री की ‘द बंगाल फाइल्स’ के लिए साझा किया। इसमें किसी प्रकार के प्रोस्थेटिक्स का इस्तेमाल नहीं हुआ है। जय हिंद।”