दिग्गज फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी और एक्टर अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर लंबे समय से बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ रिलेशनशिप में हैं। गुरुवार (2 अक्टूबर) को बोनी के बांद्रा स्थित घर पर अंशुला और रोहन की सगाई हुई। इस मौके पर बोनी ने अपने करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए एक निजी समारोह का आयोजन किया। इस दौरान इस जश्न में शामिल होने के लिए सबसे पहले अर्जुन को घर के बाहर देखा गया। उन्होंने पैपराजी से अनुरोध किया कि वे शोर न मचाएं क्योंकि घर के कुछ नियम हैं। बाद में उन्होंने कहा कि मीडिया उनका परिवार है।
अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन और बेटी रिया भी स्टाइलिश अंदाज में पहुंचे। इंगेजमेंट पार्टी में हर्ष कैजुअल लुक में दिखाई दिए। इस दौरान उन्हें पैपराजी के सामने जमकर पोज देते हुए देखा गया। रिया प्रिंटेड ब्लैक काफ्तान पहने दिखीं। हालांकि पैपराजी के कई बार बोलने के बाद भी उन्होंने पोज नहीं दिए और सीधे घर के अंदर चली गईं। संजय कपूर की पत्नी महीप बेटे जहान और बेटी शनाया के साथ ट्रेडिशनल आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वे बेटे के साथ पोज देती नजर आईं। महीप ने डार्क रेड कलर का सूट पहना था, जिसमें गोल्डन कढ़ाई की गई थी। शनाया डार्क रेड कलर के सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। सोशल मीडिया पर बोनी की भी कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें वे सिंपल ट्रेडिशनल आउटफिट में दिखाई दिए।
अभी तक अंशुला और रोहन में से किसी ने भी सगाई को लेकर अपने सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट या फोटो शेयर नहीं की, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दोनों की लव स्टोरी भी बड़ी कमाल की है। जुलाई में अंशुला ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया था कि रोहन ने उन्हें न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में प्रपोज किया था। ये पल बेहद रोमांटिक और फिल्मी था, जहां उन्होंने घुटनों पर बैठकर उन्हें शादी के लिए पूछा। खबरें हैं कि दोनों इसी साल दिसंबर में शादी के बंधन में बंध सकते हैं।














