दिग्गज एक्टर अनिल कपूर आज सोमवार (19 मई) को अपनी शादी की 41वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर कपल को चाहने वाले फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं। अनिल ने अपनी पत्नी सुनीता कपूर को बहुत ही प्यारे शब्दों में विश किया है। अनिल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने सुनीता के साथ अपने रिश्ते की खूबसूरत यादें साझा की और उनके प्रति प्यार जताया। अनिल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई फोटो साझा कीं, जिनमें वे सुनीता के साथ नजर आ रहे हैं। अनिल ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “हमारी शादी को 41 साल हो गए हैं और हम साथ में 52 साल से हैं और एक भी दिन ऐसा नहीं जाता जब मैं तुम्हारे लिए शुक्रगुजार महसूस न करूं।
शुरू से ही तुम सिर्फ मेरी पत्नी नहीं रहीं, तुम मेरा सहारा रहीं, हमेशा मेरे साथ रहीं और जीवन के हर अच्छे-बुरे समय में मेरे साथ खड़ी रहीं। तुम मेरी मां के लिए उस तरह से हमेशा मौजूद रहीं, जैसा मैं कभी नहीं हो सका, तुमने उनका ध्यान रखा, उनके साथ खड़ी रहीं और उन्हें अपनी मां की तरह प्यार किया। खासकर तब, जब मैं अपने काम में बिजी रहता था और ज्यादातर समय घर से बाहर रहता था। मैं नहीं जानता कि तुम्हारे बिना मैं ये सब कैसे कर पाता। काश आज मां हमारे साथ होती और हमें हमारी 41वीं सालगिरह पर शुभकामनाएं देतीं…
लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि जहां कहीं भी वह हैं, हमें देखकर बहुत गर्व महसूस कर रही होंगी, हमारे रिश्ते पर और उस जीवन पर जो हमने मिलकर बनाया है। तुम्हारा धन्यवाद कि तुम मेरी दोस्त, मेरी पत्नी, मेरी हमसफर...मेरा सब कुछ बनी रहीं। अब तक की हमारी जो भी यात्रा रही है, उस पर खुशी है और आगे आने वाले सारे खूबसूरत सालों का भी इंतजार है। मैं तुमसे बेइंतहा प्यार करता हूं, सोनू, शादी की सालगिरह मुबारक हो, माई लव।”
कैप्शन में अनिल ने हार्ट इमोजी का भी इस्तेमाल किया। अनिल-सुनीता के दो बेटियां सोनम व रिया और एक बेटा हर्षवर्धन कपूर हैं। अनिल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे 68 साल की उम्र में भी काफी एक्टिव हैं और एक के बाद एक फिल्म कर रहे हैं। अनिल की पिछले साल दो फिल्में ‘फाइटर’ और ‘सावी’ रिलीज हुई थीं। उनसे पहले वे ‘एनिमल’ में नजर आए थे। अब अनिल ‘वॉर 2’ में दिखेंगे।














