एक्ट्रेस आलिया भट्ट और एक्टर रणबीर कपूर का नया घर पिछले कई दिनों से सुर्खियों में है। कपल मुंबई में जो घर बना रहे हैं, उसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। कपल जब भी अपने इस अंडर कंस्ट्रक्शन घर में विजिट करता है, वे पैपराजी की नजर से नहीं बच पाते और उन्हें कैमरे में कैद कर लिया जाता है। दो दिन पहले एक बार फिर से उनके इस घर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। हालांकि आलिया अनुमति लिए बगैर उनके घर का वीडियो बनाने वालों पर बुरी तरह भड़क गईं। आलिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके उन्हें फटकार लगाई है।
आलिया ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं समझती हूं कि मुंबई जैसे शहर में स्पेस की इतनी प्रॉब्लम है कि कभी-कभी आपकी विंडो से किसी और के घर का नजारा दिखता है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि किसी को प्राइवेट घर का वीडियो बनाने और उन्हें ऑनलाइन डालने का हक है। हमारे अंडर कंस्ट्रक्शन घर का एक वीडियो हमारी जानकारी या परमिशन के बिना, कई पब्लिकेशंस द्वारा रिकॉर्ड और पब्लिश किया गया है। ये साफ तौर पर प्राइवेसी का उल्लंघन और ये एक सीरियस सिक्योरिटी का इशू है।
किसी की परमिशन के बिना उसके घर का वीडियो बनाना या फ़ोटोग्राफ करना कंटेंट नहीं है, ये उल्लंघन है। इसे किसी भी हालत में नॉर्मल नहीं कहा जा सकता। क्या आप अपने घर के अंदर के वीडियो को बिना आपकी जानकारी के पब्लिकली शेयर किया जाना बर्दाश्त करेंगे? नहीं, हममें से कोई भी ऐसा नहीं करेगा। एक विनम्र लेकिन सख्त अपील है कि अगर आपको ऑनलाइन ऐसा कोई कंटेंट मिलता है, तो प्लीज उसे फॉरवर्ड या शेयर न करें।
और मीडिया के हमारे उन दोस्तों से, जिन्होंने ये तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए हैं, मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि इन्हें तुरंत हटा दें। थैंक्यू।” उल्लेखनीय है कि मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में स्थित ये आलीशान बंगला बनकर लगभग तैयार हो चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पर 250 करोड़ रुपए का खर्चा आया है। ये बंगला रणबीर की दादी दिवंगत कृष्णा राज कपूर का है।














