‘द कपिल शर्मा शो’ में ‘दादी’ का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अली असगर (54) इन दिनों अपनी फिल्म ‘लव करूं या शादी’ को लेकर चर्चाओं में हैं। यह फिल्म 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को जयप्रकाश शॉ ने डायरेक्ट किया है। ये एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। इसमें असगर के साथ प्रीति सिंधानिया, सुप्यारदे सिंह, राधा भारद्वाज, राकेश मोहन और रंजीत सामा हैं। फिल्म में अकर्ष अलघ लीड रोल प्ले कर रहे हैं। एक्टर अन्नू कपूर के भतीजे व रंजीत कपूर के बेटे मुख्य भूमिका में हैं।
इस बीच असगर ने कपिल से अपने रिश्तों को लेकर चुप्पी तोड़ी है। असगर ने लाइव हिंदुस्तान के साथ बातचीत में ‘द कपिल शर्मा शो’ छोड़ने के पीछे का असली कारण भी बताया। असगर ने साफ किया कि उन्होंने शो किसी व्यक्तिगत विवाद के चलते नहीं, बल्कि क्रिएटिव डिफरेंसेज की वजह से छोड़ा था। असगर ने कहा कि कपिल और मेरी दोस्ती पर कोई आंच नहीं आई है। ऐसा कोई झगड़ा नहीं है कि अरे बहुत बड़ा झगड़ा हो गया और हमारी दुश्मनी हो गई। ऐसा कुछ नहीं है।
सुनील ग्रोवर और कपिल की लड़ाई से पहले ही मैंने क्रिएटिव डिफरेंसेज के चलते शो छोड़ दिया था। ‘दादी’ के कैरेक्टर में कुछ नया करने को बचा नहीं था इसलिए मैं पीछे हट गया और फिर ये सब हो गया। दुर्भाग्य की बात ये है कि शो छोड़ने के बाद कपिल और मेरी कभी मुलाकात नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि असगर मनोरंजन की दुनिया में तीन दशक से भी ज्यादा समय से एक्टिव हैं। उन्होंने छोटे और ब़ड़े दोनों पर्दों पर ही खूब काम किया है। करिअर की शुरुआत साल 1987 में आए टीवी सीरियल ‘एक दो तीन चार’ से की थी। उन्होंने कॉमेडी सहित अलग-अलग जोनर के रियलिटी शो भी किए हैं। कई फैंस तो उनके लुक की तुलना दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर से भी करते हैं। वे मिमिक्री में भी मास्टर हैं।














