आतंकियों को जिंदा पकड़कर चौराहे पर लटकाया जाए, चमड़ियां निकाली जाएं : शोएब इब्राहिम
एक्टर शोएब इब्राहिम और उनकी पत्नी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ पहलगाम हमले से पहले कश्मीर ट्रिप से वापस आए थे। हमले के बाद उन्होंने पोस्ट करके कहा था कि वो दोनों बिल्कुल सेफ हैं। साथ ही उन्होंने लिखा कि उनका नया व्लॉग जल्द आएगा। व्लॉग वाली बात से सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए और उन्हें खूब ट्रॉल किया। अब शोएब ने नए व्लॉग में इस बारे में बात की है। शोएब ने कहा कि मैं 26 अप्रैल को ये शूट कर रहा हूं। पिछले तीन-चार दिनों से मैंने व्लॉग नहीं डाला था और क्यों नहीं डाला आप सब जानते हैं।
उस जगह पर हम लोग थे, वहां की खूबसूरती, वहां के लोग और वहां की चीजों को देखते हुए आए हैं। आपको पता है, दुनिया में कहीं भी, किसी भी कोने में अगर कोई आतंकवादी हमला होता है ना तो सबसे ज्यादा सिर झुकता है इंसानियत का और उससे ज्यादा सिर झुकता है मुसलमान का, जैसे मेरा, मैं उनसे दो गुना ज्यादा शर्मिंदा हूं कि जिन दहशतगर्दों ने ये किया है, धर्म पूछ-पूछकर मारा है, उनके नाम मुस्लिम थे मैं उनको मुसलमान नहीं मानता, मैं उनको इंसान ही नहीं मानता। इन लोगों को जिंदा पकड़कर चौराहे पर लटकाया जाए, इनकी चमड़ियां निकाली जाएं।
हम 22 अप्रैल को फ्लाइट में श्रीनगर से दिल्ली आ रहे थे। हमें हमले की जानकारी नहीं थी। जैसे ही एयरपोर्ट पर फोन ऑन किया लोगों ने बहुत से मैसेज करके पूछा कि वो लोग ठीक हैं कि नहीं। जब हम होटल पहुंचे तो हमने न्यूज देखी। तब न्यूज में 2-3 लोगों के घायल होने की खबर आ रही थी। उस वजह से मैंने स्टोरी पोस्ट की कि हम लोग ठीक हैं और नया व्लॉग जल्द आएगा।













