राखी सावंत पहलगाम में हुए भयंकर आतंकी हमले से बेहद आहत हैं, जिसमें 26 पर्यटक अपनी जान से हाथ धो बैठे थे। इस हमले के बाद से राखी ने सोशल मीडिया पर कई बार इस बर्बर कृत्य की निंदा की और अपनी भावनाएं साझा की। रविवार, 27 अप्रैल को राखी ने बुर्का पहनकर एक बार फिर पहलगाम आतंकी हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने अपने फैंस से हिंदू-मुस्लिम विभाजन को रोकने की अपील की। 'मैं हूं ना' की एक्ट्रेस ने भारतीयों से कश्मीर पर्यटन को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया और कहा कि वह अपनी अगली छुट्टियां जम्मू कश्मीर के खूबसूरत पहाड़ों में मनाएंगी।
भारत मुसलमान और हिंदू दोनों का घर है
राखी सावंत ने अपने वीडियो संदेश की शुरुआत धर्म आधारित भेदभाव को रोकने की अपील के साथ की। उन्होंने कहा, "हम सब एक हैं। हमारे हिंदुस्तान से मुसलमान को कोई नहीं निकाल सकता। जितना भारत हिंदुओं का है, उतना मुसलमानों का भी है। हिंदू-मुसलमान का बटवारा नहीं होना चाहिए। हमें बड़े बनना चाहिए, बच्चे नहीं। रहम करो खुदा पर, खुदा को कितना दुख हो रहा है कि उसने इन सबको बनाया, ये सारे मेरे बच्चे हैं। क्यों लड़ रहे हैं ये? इनको क्या चाहिए?" इसके बाद, राखी ने अपने फैंस से कहा कि उनकी अगली छुट्टी कश्मीर में होगी। उन्होंने यह भी कहा, "हमारा फर्ज है कि हम सब कश्मीर जाएं। कश्मीर हमारा है और हमें कश्मीर को अपनी यात्रा का हिस्सा बनाना चाहिए। अगला वेकेशन कश्मीर में ही होगा।"














