फ्रांस में जारी कांस फिल्म फेस्टिवल भारतीय सिने लवर्स के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें अब तक कई बॉलीवुड हस्तियां शिरकत कर चुकी हैं। अब पूर्व मिस वर्ल्ड और एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन भी इस लिस्ट में शामिल हो गई हैं। ऐश्वर्या अपने ग्लैमर और ग्रेस के साथ रेड कार्पेट पर छा गईं। ऐश्वर्या ने इस बार व्हाइट बनारसी साड़ी में एंट्री ली, लेकिन उनकी साड़ी से ज्यादा उनकी मांग में सजा सिंदूर चर्चा का विषय बना। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि ऐश्वर्या ने अपनी मांग में सिंदूर सजाकर एक नहीं, दो संदेश दिए हैं।
एक तरफ उन्होंने पूरी दुनिया के सामने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सम्मान दिया, वहीं दूसरी ओर अपनी तलाक की अटकलों पर विराम लगा दिया। एक यूजर ने लिखा, “कहने को बहुत कुछ था, लेकिन ऐश्वर्या ने कांस में बिना कुछ कहे सबकुछ कह दिया। यही होते हैं असली देशभक्त।” दूसरे ने लिखा, “कांस में सेलेब्स सिर्फ खुद को रिप्रेजेंट करने जाते हैं। वहीं ऐश्वर्या राय बच्चन ने सिंदूर लगाकर अपने देश को रिप्रजेंट किया है।”
तीसरे ने लिखा, “मेरे सिंदूर से अपने गंदे हाथ दूर रखो! — ऐश्वर्या राय बच्चन की ये तस्वीर कांस से सिर्फ एक लुक नहीं, बल्कि एक करारा जवाब है-देश के दुश्मनों को और उन लोगों को जो हर दूसरे दिन उनके तलाक की कहानियां गढ़ते हैं।” उल्लेखनीय है कि ऐश्वर्या और उनके पति अभिषेक बच्चन को लेकर पिछले काफी समय से तलाक की अफवाहें चल रही हैं।














