सदी के महानायक अमिताभ बच्चन शनिवार (11 अक्टूबर) को 83 साल के हो गए। इस मौके पर फैंस में अमिताभ को लेकर जबरदस्त दीवानगी दिखी। वे अपने चहेते हीरो को विश करने के लिए शुक्रवार रात से ही उनके घर ‘जलसा’ के बाहर जमा हो गए। उन्होंने अलग-अलग अंदाज में अमिताभ पर प्यार लुटाया। किसी ने बिग बी की फिल्मों वाली वेश भूषा और मेकअप किया तो कोई उनके गानों पर झूमता नजर आया। सोशल मीडिया पर भी अमिताभ के लिए बधाइयों और शुभकामनाओं की झड़ी लग गई। अमिताभ की बहू एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय ने भी अपने ससुर को खास अंदाज में बधाई दी है।
ऐश्वर्या ने अमिताभ और बेटी आराध्या बच्चन संग एक फोटो शेयर की है। इसमें दादा-पोती साथ में सेल्फी लेते दिख रहे हैं। वे दोनों काफी खुश नजर आ रहे हैं। ऐश्वर्या ने फोटो के कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे डियर-पा और दादाजी। प्यार और भगवान अपना आशीर्वाद आप पर बनाए रखे।” उल्लेखनीय है कि अमिताभ, आराध्या के साथ मजबूत बॉन्डिंग शेयर करते हैं। अक्सर वे आराध्या के साथ बिताए समय के बारे में बात करते रहते हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी वे कई दफा आराध्या का जिक्र करते हैं। अमिताभ के लिए ऐश्वर्या की तरफ से पोस्ट देख कई फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ फैंस सवाल भी उठा रहे हैं।
दरअसल आराध्या और बिग बी की ये फोटो काफी पुरानी है। इस बात से यूजर कयास लगा रहे हैं कि परिवार आपस में एक-दूसरे से जुड़ा हुआ नहीं है, तभी उनके पास हाल-फिलहाल की कोई फोटो नहीं है। कुछ यूजर्स ऐश्वर्या से कह रहे हैं कि उन्हें पोस्ट करने की जरूरत नहीं क्योंकि अमिताभ उन्हें फॉलो तक नहीं करते। पिछले कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते में तनातनी को लेकर खबरें चल रही हैं। उन्हें बहुत कम मौकों पर साथ देखा गया है। हालांकि इस बारे में कपल ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।














