यशराज फिल्म्स (YRF) और मशहूर डायरेक्टर मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ इन दिनों लाइमलाइट में है। आज शुक्रवार (30 मई) को फिल्म का टीजर रिलीज हो गया है। इस इमोशनल लव स्टोरी में अहान पांडे और अनीत पड्डा मुख्य भूमिका में हैं। अहान एक्टर चंकी पांडे के भतीजे हैं। इस फिल्म के जरिए यशराज फिल्म्स अहान पांडे को हिंदी सिनेमा में बतौर हीरो लॉन्च कर रहा है। उनके साथ अनीत हैं, जिन्होंने वेब सीरीज ‘बिग गर्ल्स डोंट क्राई’ में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया था। ‘सैयारा’ 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर में फिल्म के टाइटल ‘सैयारा’ का भी मतलब बताया गया है।
शब्दार्थ के अनुसार ‘सैयारा’ एक भटकता हुआ खगोलीय पिंड होता है, लेकिन शायरी में यह शब्द किसी चमकदार, स्वप्निल और अप्राप्य चीज या व्यक्ति को दर्शाने के लिए प्रयोग होता है—एक ऐसा सितारा जो हमेशा चमकता है, राह दिखाता है, पर कभी पूरी तरह पास नहीं आता। टीजर की शुरुआत अनीत की खूबसूरत आवाज के साथ होती है। अनीत कहती हैं, “मुझे तसल्ली दे दो जो, वो शब्द उधार ढूंढ रहा है, एक सितार ढूंढ रहा है, दिल सैयारा ढूंढ रहा है।” इसके बाद एंट्री होती है अहान की। अहान रोमांटिक अंदाज में अनीत का हाथ थामते हैं।
इसके बाद टीजर में उनके किसिंग सीन और कई रोमांटिक सीन भी दिखाए गए। मोहित ‘आशिकी 2’, ‘मलंग’ और ‘एक विलेन’ जैसी हिट रोमांटिक फिल्मों का डायरेक्शन कर चुके हैं। YRF की 50 साल की गौरवशाली यात्रा में दिवंगत यश चोपड़ा और उनके बेटे आदित्य चोपड़ा की रची गई रोमांटिक फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार पल दिए हैं। टीजर देखने के बाद एक यूजर ने कहा, “मोहित सूरी के निर्देशन में हम कोई लव स्टोरी देखने वाले हैं। उम्मीद है कि फिल्म पहले की तरह हो।” एक ने लिखा, “बॉलीवुड लव स्टोरी घिसा पीटा है।” एक यूजर ने कहा इंटेंस तो एक ने फ्लॉप बताया।














