एक्ट्रेस नफीसा अली (68) को अब तक कई शानदार फिल्मों में काम करने का मौका मिला है। उन्होंने इनमें अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। अब नफीसा ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर की है। नफीसा कैंसर से जूझ रही हैं। साल 2018 में नफीसा का कैंसर डिटेक्ट हुआ था। जांच के बाद नफीसा ने फौरन इलाज शुरू करवा दिया था। हालांकि एक बार फिर कैंसर ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नफीसा ने इस बारे में खुलकर बात की है और अपने चाहने वालों को ट्रीटमेंट से जुड़ी खास जानकारी दी है।
नफीसा ने इंस्टाग्राम पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा कि एक दिन मेरे बच्चों ने पूछा कि जब आप नहीं रहेगी तो हम किसके पास जाएंगे? मैंने कहा एक-दूसरे का सहारा लो, मेरा सबसे बड़ा उपहार यही है। भाई-बहन जो एक ही प्यार और यादें साझा करते हैं। एक-दूसरे की रक्षा करो और याद रखो आपका रिश्ता जीवन की किसी भी चुनौती से मजबूत है। नफीसा ने कैप्शन में लिखा, “आज से मेरे सफर का नया अध्याय शुरू हो रहा है। कल मेरा पीईटी स्कैन हुआ, सर्जरी संभव नहीं है। इसलिए फिर से कीमोथेरेपी, विश्वास करें मुझे जिंदगी से प्यार है।”
नफीसा की यह पोस्ट खूब वायरल हो रही है। फैंस उनके लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। बता दें कोलकाता की रहने वालीं नफीसा साल 1976 में मिस इंडिया बनी थीं। उन्होंने ‘जुनून’, ‘मेजर साहब’, ‘बेवफा’, ‘लाइफ इन ए मेट्रो’, ‘गुजारिश’, ‘यमला पगला दीवाना’ और ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर 3’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
साल 1978 में श्याम बेनेगल की फिल्म ‘जुनून’ से उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। नफीसा ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया है। सुपरस्टार ममूटी के साथ मलयालम फिल्म ‘बिग बी’ में नजर आई थीं। उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘ऊंचाई’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बोमन ईरानी, परिणीति चोपड़ा, नीना गुप्ता और डैनी डेन्जोंगपा जैसे स्टार्स थे।














