सुपरस्टार सलमान खान की बहन अर्पिता खान की शादी साल 2014 में एक्टर आयुष शर्मा के साथ हुई थी। अर्पिता-आयुष के बेटा आहिल और बेटी आयत हैं। सलमान की अर्पिता और उनके बच्चों के साथ मजबूत बोंडिंग है। हाल ही कोरियोग्राफर व फिल्ममेकर फराह खान और उनके कुक दिलीप मुंबई स्थित अर्पिता के आलीशान घर पर पहुंचे। फराह ने अपने यूट्यूब चैनल पर यह व्लॉग अपलोड किया है। घर देखते ही फराह बोलीं कि उनके बच्चे घर की लॉबी में क्रिकेट या फुटबॉल खेल सकते हैं।
फराह ने 4 एसी और 3 फ्रिज वाले फैंसी किचन पर कमेंट करते हुए पूछा कि खाना कौन बनाता है, जिस पर आयुष ने कहा कि मैंने अपने कुक से पूछा कि वह कितनी सैलरी लेता है और नंबर सुनने के बाद मुझे हार्ट अटैक आ गया। मुझे एहसास हुआ कि नीचे से (बिल्डिंग के रेस्टोरेंट) खाना मंगवाना उसे सैलरी देने से सस्ता पड़ेगा। इसलिए कुक को नौकरी से निकाल दिया। आगे अर्पिता ने खुलासा किया कि उनके लिए सलमान के घर से डेली डब्बा आता है, जो कि उनकी मां तैयारी करती हैं। मां, भाई सोहेल और अरबाज के लिए भी खाना भेजती हैं।
जब बेटे शूटिंग कर रहे होते हैं तो मां सेट पर खाना भेजती हैं और आयुष के लिए भी वह यही करती हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या इसके लिए कोई सेट मेन्यू है, तो अर्पिता ने कहा कि आम तौर पर जो भी तैयार होता है, वे उसे मंगवा लेते हैं, लेकिन अगर आयुष की कोई खास फरमाइश होती है, तो वह उन्हें इसके बारे में बता सकता है। आयुष ने बताया कि जब वे अर्पिता को डेट कर रहे थे तो खाने की च्वॉइस के चलते वे एक-दूसरे को देख भी नहीं सकते थे।
उल्लेखनीय है कि फराह अक्सर सेलेब्रिटीज के घर जाकर उन्हें कुकिंग चैलेंज देती हैं। फराह पिछले दिनों खत्म हुए रियलिटी कुकिंग शो ‘सेलेब्रिटी मास्टरशेफ’ के पहले सीजन में जज और होस्ट के रूप में नजर आई थीं। इसका खिताब ‘अनुपमा’ फेम एक्टर गौरव खन्ना ने जीता था।














