राजस्थान पुलिस में सीआई के 605 पदों पर पदोन्नति का मौका, एसआई 1 अगस्त तक करें आवेदन

राजस्थान पुलिस विभाग में कार्यरत उप निरीक्षकों (एसआई) के लिए पदोन्नति का सुनहरा अवसर सामने आया है। पुलिस मुख्यालय ने उप निरीक्षक से पुलिस निरीक्षक (सीआई) के 605 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पात्र एसआई से 1 अगस्त 2025 तक आवेदन मांगे गए हैं। विभागीय चयन बोर्ड द्वारा इस पदोन्नति के लिए योग्यात्मक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें आरक्षित और अनारक्षित वर्गों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं।

ग्रेजुएट एसआई 5 साल की सेवा पर कर सकते आवेदन


एसपी (सीआईडी-सीबी) और सदस्य सचिव, चयन बोर्ड लक्ष्मणदास ने बताया कि इस पदोन्नति परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य उप निरीक्षकों से 1 अगस्त 2025 की शाम 5:00 बजे तक आवेदन पत्र करने होंगे। 1 अप्रैल 2022 को उप निरीक्षक पद पर सात साल की सेवा पूरी करने वाले एसआई आवेदन कर सकते हैं। स्नातक उप निरीक्षकों के लिए पांच साल की लगातार सेवा जरूरी है।

सीधी भर्ती के ऐसे उप निरीक्षक, जिन्हें न्यायालय में दायर रिट याचिका और कानूनी प्रक्रिया के उपरांत नियुक्ति प्रदान कर वरिष्ठता दी जा चुकी है। उन्हें भी उनकी वरिष्ठता क्रम में स्थायीकरण पाने पर वर्ष 2022-23 की पुलिस निरीक्षक पद की योग्यात्मक परीक्षा में प्रोविजनल रूप से सम्मिलित किया जाएगा।

ये एएसआई भी कर सकते हैं आवेदन

पुलिस आयुक्तालय जयपुर में वर्ष 2017-18 की प्रक्रियाधीन योग्यात्मक परीक्षा की चयन सूची में शामिल ऐसे एएसआई, जिनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक है और जिन्होंने एसआई पद की पीसीसी उत्तीर्ण नहीं की है। उन्हें भी वर्ष 2022-23 की पुलिस निरीक्षक पद की योग्यात्मक परीक्षा में प्रोविजनल आधार पर सम्मिलित होने की अनुमति दी गई है।

जिला-यूनिट कार्यालय के जरिए होंगे आवेदन

योग्य एवं पात्र उप निरीक्षकों को अपने आवेदन पत्र (प्रपत्र 01 से 06) जिला-यूनिट कार्यालय के माध्यम से 1 अगस्त 2025 को शाम 5:00 बजे तक जमा करने होंगे। निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र का प्रारूप और अन्य सभी संबंधित सूचनाएं राजस्थान पुलिस की वेबसाइट www।police।rajasthan।gov।in पर भी उपलब्ध है।