मेहंदीपुर बालाजी में दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं पर सुरक्षा गार्ड्स का कहर, लाइन में लगे लोगों पर डंडों की बरसात, एक युवक घायल

दौसा: देशभर से श्रद्धा लेकर आए लोगों की भीड़ शनिवार को प्रसिद्ध आस्था स्थल मेहंदीपुर बालाजी में दर्शन के लिए उमड़ी थी। लेकिन इस आस्था का दृश्य उस वक्त डर और आक्रोश में बदल गया जब सुरक्षा व्यवस्था में लगे गार्ड्स ने लाइन में लगे श्रद्धालुओं पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें करीब छह से अधिक गार्ड्स श्रद्धालुओं के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो शनिवार सुबह लगभग 9 बजे का बताया जा रहा है।

इस घटना से श्रद्धालुओं में भय और नाराजगी फैल गई। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि बालाजी के दर्शन के दौरान गार्ड्स न केवल पुरुषों पर डंडे बरसाते रहे, बल्कि महिलाओं को भी नहीं बख्शा। फरीदाबाद निवासी एक श्रद्धालु ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दर्शन की लाइन में सुबह 9 बजे खड़ा था, तभी कुछ गार्ड्स ने बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। उसने बताया कि इस दौरान महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। पीड़ित युवक को सिर में गंभीर चोट भी आई है।
परेशान और डरे हुए श्रद्धालुओं ने करौली जिले की बालाजी चौकी में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर बालाजी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन सुरक्षा गार्ड्स – घनश्याम (निवासी बसई, उत्तर प्रदेश), रमेश (निवासी सामोद, जयपुर) और शैलेश यादव (निवासी ऐटा, उत्तर प्रदेश) को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है।

बालाजी चौकी प्रभारी सुगन सिंह ने बताया, “पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की शर्मनाक घटना दोबारा न हो।”

मेहंदीपुर बालाजी, जहां लोग अपने दुख-दर्द लेकर ईश्वर की शरण में आते हैं, वहां इस तरह की घटना ने लोगों के मन में आक्रोश और चिंता दोनों पैदा कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि दर्शन तो होना चाहिए, लेकिन इस तरह की सुरक्षा नहीं जो भक्तों की श्रद्धा को चोट पहुंचाए।