शादी की खुशियां मातम में बदलीं, जैसलमेर में दूल्हा-दुल्हन की कार को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, 3 की मौत, 4 गंभीर घायल

जैसलमेर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे मातम में तब्दील कर दिया। पोकरण में शादी समारोह के बाद लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार को एक तेज रफ्तार और अज्ञात वाहन ने बासनपीर गांव के पास जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दूल्हा लीलाराम (45), उसकी बहन मूली देवी (35) और 9 महीने के मासूम हितेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार दुल्हन बसंती सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय प्राथमिक चिकित्सा के बाद जोधपुर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।

एक ही परिवार की खुशियां एक झटके में छिन गईं


सदर थाना के हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह ने जानकारी दी कि मंगलवार रात करीब 12 बजे विवाह समारोह के बाद दूल्हा लीलाराम और दुल्हन बसंती अपने परिवार के सदस्यों के साथ जैसलमेर लौट रहे थे। कार को दुल्हन के रिश्तेदार पुखराज चला रहा था। हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों में दुल्हन का भतीजा हितेश भी शामिल है। घायलों की पहचान अशोक, हेमलता, पुखराज और बसंती के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

अस्पताल में उमड़ा लोगों का सैलाब, परिजनों की भर आईं आंखें

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत जवाहर अस्पताल भिजवाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर जैसे ही फैली, समाज के दर्जनों लोग अस्पताल में जमा हो गए। लोगों ने दुख जताते हुए मृतकों के परिवार को मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

दूसरी शादी के बाद लौट रहा था परिवार, कार में थे कुल 7 लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार लीलाराम और बसंती की शादी मंगलवार को पोकरण में हुई थी, और यह दोनों की दूसरी शादी थी। विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिवार शामिल हुए थे। रात को दुल्हन के रिश्तेदार पुखराज की कार में कुल 7 लोग जैसलमेर के लिए रवाना हुए। कार में दूल्हा-दुल्हन लीलाराम और बसंती, दूल्हे की बहन मूली देवी, दुल्हन के भाई अशोक और भाभी हेमलता, और उनका 9 महीने का बेटा हितेश सवार थे। इसी दौरान यह भीषण सड़क दुर्घटना हो गई।