'सचिन पायलट से अब कोई मतभेद नहीं, आगे बढ़ने का समय है', अशोक गहलोत का बड़ा बयान

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उनके और सचिन पायलट के बीच अब कोई दूरी नहीं रही। बीकानेर में गुरुवार (31 जुलाई) को मीडिया से संवाद करते हुए गहलोत ने कहा कि सभी पुराने विवाद अब पीछे छूट चुके हैं और कांग्रेस अब एकजुट होकर आगे बढ़ रही है।

अब बीती बातों को भुलाना ही समझदारी है – गहलोत

अशोक गहलोत ने साफ कहा कि यदि हम पुराने घटनाक्रमों को मन में रखेंगे तो नया काम कैसे कर पाएंगे? उन्होंने कहा, हमें काम भी करना है और साथ चलना भी है। इसलिए मैं अपने कार्यकर्ताओं से हमेशा कहता हूं कि जो बीत गया, उसे जाने दो। कांग्रेस अगर मजबूत होगी, तभी देश को संभाल पाएंगे।
पोस्टरों और तस्वीरों की राजनीति में नहीं पड़ता – गहलोत

बीकानेर में जगह-जगह लगे पोस्टरों में केवल अशोक गहलोत की तस्वीर नजर आई, जबकि सचिन पायलट की झलक तक नहीं मिली। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने हल्के अंदाज में कहा, ये सब छोटी-छोटी बातें हैं। कभी-कभी मेरे भी फोटो नहीं लगते। कोई कार्यकर्ता किसे फोटो में डाले, किसे नहीं—इस पर मैं ध्यान नहीं देता। मेरे लिए असली मुद्दा लोगों की सेवा है, न कि तस्वीरें।

राज्यभर में करूंगा दौरा, जनता को जागरूक करूंगा

गहलोत ने बीकानेर दौरे के दौरान ये भी कहा कि वे राज्य के हर कोने में जाकर लोगों को लोकतंत्र और संविधान के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा, जनता को बताना जरूरी है कि उनका और उनके बच्चों का भविष्य संविधान की रक्षा में छुपा है। लोकतंत्र खतरे में है और उसे बचाना हमारी प्राथमिकता है।

अमित शाह को दिया करारा जवाब

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के एक हालिया बयान पर पलटवार करते हुए गहलोत ने कहा, ईश्वर उन्हें लंबी उम्र दे, लेकिन उनके रहते हुए भी कांग्रेस सत्ता में आएगी। भैरोंसिंह शेखावत ने भी एक बार कहा था कि मैं जीते जी कांग्रेस को सत्ता में नहीं आने दूंगा। संयोग देखिए—आठ महीने बाद मैं खुद मुख्यमंत्री बन गया। ये बात मैंने खुद उन्हें विधानसभा में भी सुनाई थी।