अंबाबाड़ी क्षेत्र का दौरा कर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा - 'जनता को राहत देना ही मेरी पहली जिम्मेदारी', सफाई और पार्क विकास के दिए सख्त निर्देश

जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें जमीनी स्तर पर हल करना ही सच्ची सेवा है। इसी भावना के साथ उपमुख्यमंत्री और विद्याधर नगर विधायक दिया कुमारी जी ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंबाबाड़ी क्षेत्र का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने जेडीए सचिव निशांत जैन समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने न सिर्फ निरीक्षण किया, बल्कि जनता के बीच जाकर खुद हालात देखे और महसूस किए।

दिया कुमारी ने अंबाबाड़ी नाले के किनारे बसे क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को देखकर चिंता जताई और साफ-सफाई की स्थिति पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा, इस क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है ताकि लोगों को रोजमर्रा की ज़िंदगी में राहत मिले और सम्मानजनक माहौल में रह सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नाले में जमा जलकुंभी और गंदगी को बिना देरी के हटाया जाए और वहां वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, प्रस्तावित पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए एक ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
जनता से सीधा संवाद – आपके सुझाव मेरे लिए दिशा हैं

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों से खुलकर संवाद किया, उनकी बातें सुनीं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समय पर देने के लिए प्रतिबद्ध है और हर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

अव्यवस्था देख जताई नाराज़गी – दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने देखा कि नाले के आसपास गंदगी फैली हुई है और अव्यवस्था का माहौल है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिनकी जमीनें हैं, उनकी बाउंड्री वॉल तुरंत बनवाई जाए ताकि अतिक्रमण न हो और नाले की सफाई का काम बिना किसी देरी के शुरू किया जाए।

भविष्य की योजना – वैकल्पिक मार्ग और बेहतर आवागमन

दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि अंबाबाड़ी नाले को एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित किया जाए, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले और यातायात सुगम हो सके।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने विश्वास जताया कि, जिस तरह ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करके पानी भराव की समस्या हल की गई, उसी तरह इस क्षेत्र की हर समस्या को योजनाबद्ध तरीके से हल किया जाएगा।