आर्थिक मंदी से ध्यान हटाने की कोशिश है Chandrayan 2 मिशन : ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर बोलते हुए कहा कि देश में आर्थिक मंदी से ध्यान हटाने के लिए चंद्रयान-2 (Chandrayaan 2) मिशन का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। देश में पहला चंद्रयान लॉन्च है, ऐसा लग रहा है कि मोदी के सत्ता में आने से पहले इस तरह के मिशन शुरू नहीं हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए ममता ने कहा कि आप अमेरिका, रूस और इजरायल को मैनेज कर सकते हैं, लेकिन बंगाल को नहीं।

फिलहाल, पश्चिम बंगाल विधानसभा में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया गया। ममता सरकार की ओर से पेश किए गए इस प्रस्ताव को पारित भी कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को छोड़कर अन्य सभी दलों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। बीजेपी विधायक स्वाधीन सरकार ने बंगाल में भी एनआरसी की मांग की है।

12 सितंबर को ममता बनर्जी असम जा सकती हैं। और वहां विरोध प्रदर्शन कर सकती हैं। इस मुहिम पर काम करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी के इस कदम का विरोध किया है।

इससे पहले ममता बनर्जी ने एनआरसी से गोरखा समुदाय के 100,000 से ज्यादा लोगों के बाहर होने पर हैरानी जाहिर की थी। ममता ने कहा था कि एनआरसी से हजारों भारतीय बाहर हो गए हैं। ममता बनर्जी ने 1 सितंबर को एक के बाद एक कई ट्वीट कर सरकार से यह सुनिश्चित करने की मांग की थी कि असली भारतीय सूची से बाहर नहीं हों और उन्हें न्याय सुनिश्चित किया जाए।

बता दे, चंद्रयान 2 (Chandrayaan 2) के चांद पर कदम रखने को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 7 सितंबर की रात 1 बजकर 55 मिनट पर चांद की धरती पर भारत का स्पेसक्राफ्ट चंद्रयान-2 उतरने वाला है। चंद्रयान-2 को लेकर पूरा देश उत्साहित है। देश गर्व के उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। चंद्रयान-2 चांद के साउथ पोल पर लैंड करेगा। अभी तक इस जगह पर कोई भी देश नहीं पहुंचा है। चांद के साउथ पोल पर स्पेसक्राफ्ट उतारने के बाद भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन जाएगा।