हलचल : संजय राउत बोले - महाराष्ट्र की राजनीति खत्म, अब गोवा की बारी

शिवसेना (Shiv Sena) के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) के एक बयान ने हलचल पैदा कर दी है। संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति खत्म हुई अब गोवा की बारी है। जल्द ही गोवा में भी आपको एक चमत्कार दिखाई देगा। संजय राउत ने कहा कि गोवा फॉर्वर्ड पार्टी के अध्यक्ष और गोवा के पूर्व उप-मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई तीन विधायकों सहित शिवसेना के साथ गठबंधन कर रहे हैं। गोवा में एक नया राजनीतिक फ्रंट आकार ले रहा है जैसा कि महाराष्ट्र में हुआ। शिवसेना नेता ने आगे कहा, 'यह पूरे देश में होगा। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा की बारी है। इसके बाद हम अन्य राज्यों में जाएंगे। हम इस देश में एक गैर-भाजपा राजनीतिक मोर्चा बनाना चाहते हैं।'

राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक मामले छुपाने की वजह से मिले समन पर कहा, 'मुझे मालूम नहीं। हमलोग अभी गोवा की राजनीति में व्यस्त हैं। महाराष्ट्र की राजनीति खत्म।' बता दें फडणवीस पर आरोप है कि उन्होंने हलफनामे में अपने ऊपर दर्ज मामलों की जानकारी नहीं दी।

इससे पहले संजय राउत ने उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसा है। उन्होंने फडणवीस के विपक्ष का अस्तित्व नहीं रह जाने वाले पुराने बयान को लेकर चुटकी ली है। राउत ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष ही नहीं रहेगा, यह दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विरोधी दल नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई...!'