सुषमा स्वराज के निधन पर सीएम योगी ने कहा - समाज को अपूरणीय क्षति हुई

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुषमा स्वराज एक वरिष्ठ और अनुभवी राजनेता थीं। वह उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे।

सीएम ने कहा कि भारत सरकार की मंत्री के रूप में स्वराज की सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेशों में भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए सुषमा स्वराज के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बता दें कि 67 साल की उम्र में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रात के करीब 9 बजे दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था जिसके बाद पांच डॉक्टर्स की टीम उनका इलाज कर रही थी। डॉक्टर्स ने बताया कि उनकी मौत कार्डिएक अरेस्ट की वजह से हुई है। सुषमा स्वराज के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है।