CAA Protest: दिल्ली के बाद UP में बवाल, संभल में फूंकी बस

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। लेफ्ट विंग ने देश के अलग-अलग हिस्सों में बंद का आह्वान किया है। बिहार के दरभंगा और पटना में ट्रेनें रोकी गईं। दिल्ली में गुरुवार को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ तकरीबन एक ही वक्त में 2 अलग-अलग प्रोटेस्ट मार्च निकाले गए। पहला प्रोटेस्ट मार्च छात्रों और कुछ सोशल ऐक्टिविस्टों की तरफ से लाल किला आईटीओ के शताब्दी पार्क तक निकाला गया। दूसरा मार्च लेफ्ट पार्टियों से जुड़े छात्र संगठनों की तरफ से मंडी हाउस से पार्लियामेंट स्ट्रीट तक निकाला गया। इस वजह से तमाम इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति है। नागरिकता कानून को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने टेलिकॉम ऑपरेटरों को कुछ हिस्सों में मोबाइल सेवाएं सस्पेंड करने को कहा था। संबंधित इलाकों में सभी तरह की मोबाइल सेवाओं यानी मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और वॉइस कॉल सर्विस को सस्पेंड कर दिया गया था। दिल्ली में 17 मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है।

वही उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। यूपी के संभल में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी बस में आग लगा दी है। इतना ही नहीं यहां गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुलिस पर पथराव किया और नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

सरकार लोगों की बात सुनने से घबरा रही है : प्रियंका गांधी

नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन और देश के कई राज्यों में धारा 144 लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया। प्रियंका ने आरोप लगाया कि 'सरकार, लोगों की बात सुनने से घबरा रही है।' प्रियंका ने ट्वीट किया कि मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। हर जगह #Section144 है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है। जिन्होंने आज टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च करके करोड़ों का विज्ञापन लोगों को समझाने के लिए निकाला है, वही लोग आज जनता की आवाज से इतना बौखलाएं हुए हैं कि सबकी आवाजें बंद कर रहे हैं। मगर इतना जान लीजिए कि जितना आवाज दबाएंगे उतनी तेज आवाज उठेगी।