UP: मऊ में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, इमारत गिरी, 10 की मौत, एक दर्जन से अधिक लोग मलबे में दबे

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मऊ (Mau) में सोमवार सुबह हुए रसोई गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) फटने की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग मकान के मलबे के नीचे दब गए। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में बचवा टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हादसे की सूचना पाकर घटनास्थल पर बड़ी संख्या में बचाव दल पहुंचा है। लगातार लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। यह हादसा मोहम्दाबाद के वलीदपुर गांव में हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक एक घर में रसोई गैस का सिलेंडर फट गया जिसके बाद दो मंजिला इमारत गिर गई। इस सिलेंडर ब्लास्ट में 15 लोग घायल हो गए हैं। बचाव दल मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है।

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Aditynath) ने संज्ञान ले लिया है। योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी ने घायलों के इलाज की व्यवस्था कराने के लिए तत्काल आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हादसे में घायलों को हर संभव मदद करने की कोशिश की जाएगी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल सेवाएं मुहैया कराने का निर्देश भी योगी ने दिया है।