उत्तर प्रदेश : 16 साल की लड़की से रक्षाबंधन के दिन चचेरे भाई ने किया रेप, पीड़िता ने लगाई फांसी

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) में एक 16 साल की चचेरी बहन का रक्षाबंधन के दिन चचेरे भाई ने रेप कर दिया। यह घटना कानपुर जिले की धार्मिक नगरी बिठूर की है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के दिन लड़की की मां अन्य परिजनों के साथ मायके गई थी और लड़की घर में अकेली थी। जब इस घटना के बारे में लड़की ने चाचा के परिवार को बताया तो उल्टा चाचा के परिवार ने लड़की को ही दोषी ठहराया। इसके बाद लड़की ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी लड़के को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले में अब तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद लड़की की मौत से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आएगी।

नशे में था आरोपी

वही मृत लड़की के मामा ने बताया कि आरोपी ने लड़की को साबुन लाने के बहाने बुलाया था। जब लड़की बाथरूम में गई तो वहीं पर आरोपी ने उसके साथ रेप किया। आरोपी घटना के वक्त नशे में बताया जाता है।