बिगड़े बोल : BJP विधायक ने कहा - अनुच्छेद 370, जवाहर लाल नेहरू द्वारा बनाया राक्षसी कानून

अक्सर अपने बयानों से सुर्ख़ियों में रहने वाले यूपी के बलिया के बैरिया क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने जवाहर लाल नेहरू को लेकर विवादित बयान दिया है। सुरेंद्र सिंह ने कहा अनुच्छेद 370 (Article 370) जवाहर लाल नेहरू के द्वारा स्थापित राक्षसी कानून था और उस राक्षसी कानून का राम के रूप में पैदा होकर पीएम मोदी ने अंत कर दिया है। उन्होंने कहा आरएसएस की तपस्या का अभी पहला अध्याय पूरा हुआ है दूसरा और तीसरा अध्याय बाकी है जो पूरा होगा।

भारत में जातिवाद को लेकर सुरेंद्र सिंह ने कहा इसके लिए एससी-एसटी एक्ट जिम्मेदार है। अगर इस एक्ट को खत्म कर दिया जाए तो छुआछूत की समस्या ही खत्म हो जाएगी। एससी-एसटी एक्ट और आरक्षण की वजह से जातिवाद आज भी जिंदा है।

हरिजन आरक्षण को समाप्त करने की वकालत करते हुए रामविलास पासवान और मायावती को आड़े हाथों लेते हुए सुरेंद्र सिंह ने कहा कि रामविलास पासवान और मायावती जैसे लोग सुरक्षित सीट से लड़े ये प्रासंगिक नहीं है। उन्होंने कहा एक बार कोई सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ लिया तो दोबारा उसको उस सीट से चुनाव लड़ने की इजाजत ही नहीं मिलनी चाहिए। दूसरे को मौका मिले, सुविधा मिले लेकिन उसी जाति के किसी गरीब को मिले तभी संविधान की रक्षा होगी।

सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाये जाने पर सुरेंद्र सिंह ने कांग्रेस और नेहरू पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी नेहरू परिवार की जमीदारी है और अपनी जम्मीदारी को ज़मीदार किसी दूसरे को नहीं देता है। उन्होंने कहा इस पद का निर्वाह दूसरा कोई कर भी नहीं पाएगा और वह लोग देंगे भी नहीं। कभी व्यवस्था देखने के लिए पुत्र मालिक हो जाता है, कभी मां मालिक हो जाती है। लेकिन दूसरा कोई नहीं आएगा, यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा इसमें कोई नई बात नहीं है यह पहले से ही तय था।