भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन पर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई अपनी बहन को उपहार देते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के शिवपुरी थाना क्षेत्र में आज एक युवक की राखी बंधवाने के दौरान मौत हो गई। युवक बहन से राखी बंधवा ही रहा था कि अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। युवक बेसुध हो गया। उसकी इस हालत को देखते हुए परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे। जहां हॉस्पिटल पहुंचने के बाद पता चला कि युवक दम तोड़ चुका था।
पुलिस के अनुसार दीपक (28) अपने गांव से शिवपुरी में गुरुवार को रक्षाबंधन के त्यौहार पर अपनी बहन के घर राखी बंधवाने गया था। जब बहन उसे राखी बांध रही थी, तब युवक को उल्टियां होने लगी। बहन ने कारण पूछा तो उसने बताया कि उसने जहर खा लिया है। युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने का कारण अज्ञात है, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।