डिस्कवरी के मशहूर टीवी शो 'Man Vs Wild' में नजर आएंगे पीएम मोदी, करेंगे जंगल के खतरों का सामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द डिस्कवरी के सबसे चर्चित शो 'Man Vs Wild' में नजर आएंगे। शो में पीएम मोदी के साथ होस्ट बेयर ग्रेल्स भी मौजूद रहेंगें। इस शो में पीएम मोदी पशु संरक्षण और पर्यावरण परिवर्तन को लेकर जागरूकता पर बात करेंगे। यह शो एक साथ 180 देशों में देखा जाएगा।

बेयर ग्रिल्स ने ट्विटर पर एक विडियो ट्वीट कर बताया कि 12 अगस्त को रात 9 बजे डिस्कबरी चैनल एक शो प्रसारित किया जाएगा। ट्विटर पर बेयर ग्रिल्स ने लिखा, '180 देशों के लोगों को पीएम नरेंद्र मोदी का दूसरा पक्ष देखने को मिलेगा। उन्होंने पशु संरक्षण और पर्यावरण परिवर्तन के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए भारतीय जंगलों में जाकर जोखिम का काम किया है।'

इस वीडियो में पीएम मोदी अलग अंदाज में नजर आ रहा है। शो के होस्ट के साथ वह हंसते हुए चर्चा करते नजर आ रहे हैं। पीएम शो के मिजाज के अनुसार स्पोर्ट्स ड्रेसअप में हैं और ग्रिल्स के साथ छोटी नाव में नदी पार करते, जंगल की चढ़ाई करते दिख रहे हैं। शिकार और दूसरे कामों के लिए ग्रिल्स अपने शो में जंगल में मौजूद चीजों से ही उपकरण बनाते हैं और इसकी भी छोटी सी झलक प्रमोशनल विडियो में है।

वीडियो में पीएम मोदी बेयर ग्रेल्स का स्वागत करते हुए सुने जा सकते हैं। पीएम मोदी गाड़ी से उतरते ही बेयर ग्रिल्स से मिलते हैं और कहते हैं 'वेलकम टू इंडिया।' इसके बाद दोनों जंगलों में झाड़ियों के बीच पैदल चलते हुए दिखाई देते हैं। पैदल चलने के दौरान दोनों के बीच काफी हंसी ठिठोली भी देखने को मिल रही है। बेयर ग्रेल्स के मुताबिक दोनों के बीच पशु संरक्षण और पर्यावरण परिवर्तन पर लंबी बातचीत हुई।

ओबामा के साथ ही ग्रिल्स कर चुके हैं शो

बता दें कि डिस्कवरी पर प्रसारित होनेवाला शो मैन वर्सेज वाइल्ड दुनिया के सबसे लोकप्रिय शो में से है। इस शो में दुनिया की कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत कर चुकी हैं। इस शो को कई देशों की भाषा में डब भी किया जाता है। ग्रिल्स के इस लोकप्रिय शो में राष्ट्रपति रहने के दौरान बराक ओबामा ने भी हिस्सा लिया था। ओबामा और ग्रिल्स ने अलास्कन फ्रंटियर पर चढ़ाई करते हुए शो किया था। इस शो में पूर्व राष्ट्रपति ने क्लाइमेट चेंज और प्राकृतिक संसाधनों, वन्य जीवों के संरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की थी।