PM मोदी के जन्मदिन पर BJP ने की 'सेवा सप्ताह' की शुरुआत, अमित शाह ने एम्स में लगाई झाडूं, बच्चों को बांटे फल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi Birthday) के जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरे देश में 'सेवा सप्ताह' का आयोजन किया है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर पार्टी ने 14 से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाने का फैसला किया है। इस सेवा सप्ताह के अंतर्गत भाजपा लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताएगी। अस्पतालों में उपयोगी लेख वितरित करने पर ध्यान दिया जाएगा, प्रत्येक जिले में 10 दिव्यांगों की जिम्मेदारी ली जाएगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के बारे में जागरूकता पैदा की जाएगी। शनिवार को बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने इसकी शुरुआत करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और फल बांटे। इस दौरान अमित शाह के साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह और जेपी नड्डा ने एम्स में सफाई अभियान भी चलाया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और दिल्ली के विधायक विजेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा और गरीबों के लिए काम करने के लिए समर्पित कर दिया है। इसलिए पार्टी ने फैसला किया है कि उनके जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाए।

वहीं उत्तर प्रदेश में भी भाजपा ने सेवा सप्ताह का आगाज कर दिया है। हमीरपुर में यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने राज्य के मंत्री अशोक कटारिया और रामचंद्र प्रताप सिंह के साथ सड़क पर झाड़ू लगाई। शुक्रवार 20 सितंबर तक इस सेवा सप्ताह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर सरकार के सभी मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से लेकर संगठन में बूथ तक काम करने वाले कार्यकर्ता भाजपा के झंडा-बैनर और प्रधानमंत्री के संदेश के साथ लोगों के पास सेवा कार्यों के जरिए पहुंचने की कोशिश करेंगे। काशी में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को खास तरीके से मनाया जाएगा। उनके जीवन से जुड़ी पुस्तकें समाज के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।