झारखंड : बिजली कटौती से परेशान धोनी की पत्नी साक्षी, ट्वीट कर खोली सरकार के दावों की पोल

आगामी कुछ महीनों में झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रचार प्रसार में जुट गए है। अपने प्रचार में मुख्यमंत्री शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे कर रहे है लेकिन दूसरी तरफ इन दावों की पोल भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने खोल दी है। महेन्द्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) की पत्नी साक्षी धोनी (Sakshi Dhoni) ने झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) में बिजली के हालत को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि रांची में हर दिन चार से सात घंटे तक बिजली नहीं रहती (Power Cut) है। और शहरवासी हर दिन पावर कट का सामना करते हैं। ये चार से सात घंटे रोजाना होता है। साक्षी ने अपने ट्वीट में लिखा कि 19 सितंबर को पांच घंटे से बिजली नहीं है। बिजली काटने का कोई कारण नहीं है। आज त्योहार भी नहीं है और मौसम भी साफ है। उम्मीद है कि संबंधित प्राधिकार समस्या का समाधान करेंगे।

शाम 4:37 बजे किए गए अपने इस ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मुझे आशा है कि इस समस्या का संबंधित अथॉरिटी द्वारा संज्ञान लिया जाएगा।

बता दें कि रांची में धोनी का नया घर दलदली चौक के पास रिंग रोड से सटे सिमलिया इलाके में है। यहां रातू पावर सब स्टेशन से बिजली सप्लाई होती है। हालांकि साक्षी के ट्वीट पर रांची के विद्युत अधीक्षण अभियंता पीके श्रीवास्तव ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को 19 सितंबर की सुबह साढ़े 9 बजे से लेकर शाम साढ़े 4 बजे तक बिजली नहीं रहने की सूचना पहले दे दी गई थी।

बता दें कि रांची शहर में आए दिन हो रही बिजली कटौती से शहरवासी परेशान हैं। आने वाले चुनाव में विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकती हैं।