क्रिकेट के बाद राजनीति करेंगे महेंद्र सिंह धोनी, इस पार्टी में होंगे शामिल

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को लेकर बड़ी खबर आई है। खबर है कि क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) राजनीति की पिच पर अपनी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने कहा है कि धोनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम का हिस्सा बन सकते हैं। संजय पासवान ने कहा 'इस संबंध में उनसे काफी समय से बातचीत चल रही है। हालांकि, यह फैसला धोनी के संन्यास के बाद ही लिया जाएगा।' पासवान ने कहा, 'धोनी मेरे मित्र हैं, 'वर्ल्ड फेम' खिलाड़ी हैं, ऐसे में उनसे भाजपा में आने के लिए बातचीत हुई है।' गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान के दौरान धोनी से मुलाकात की थी और तभी से ये अटकलें तेज है कि धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बता दे, वर्ल्ड कप 2019 में टीम इंडिया के बाहर होने के बाद से धोनी के संन्यास की खबरें जोर पकड़ रही हैं।

गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं। झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले धोनी के विषय में कहा जा रहा है कि क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भाजपा में शामिल होकर राजनीतिक पारी शुरू करेंगे। इस बीच, हालांकि झारखंड का कोई भी नेता खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है। भाजपा के एक नेता ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा, 'धोनी का भाजपा के कई नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क है। अगर वह भाजपा में शामिल होते हैं, तो कोई बड़ी बात नहीं है।'