'महा-ड्रामा' : शाम को शिवसेना, NCP और कांग्रेस कराएगी 162 विधायकों की परेड

महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच शिवसेना ने 162 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। यही नहीं पार्टी ने 7 बजे हयात होटल में मीडिया के सामने तीनों दलों के 162 विधायकों की परेड कराने की बात कही है। बता दे, शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने अपने विधायक फिलहाल अलग-अलग होटल में रखे हुए है और उनपर कड़ी नजर बनाए हुए है। शिवसेना के नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा, 'हम सभी एक हैं और साथ हैं। ग्रैंड हयात होटल में शाम 7 बजे देखें।' संजय राउत ने अपने इस टैग में महाराष्ट्र के गवर्नर को भी टैग किया है। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान सभी विधायकों का एक साथ फोटो सेशन भी होगा।
संजय राउत ने इस ट्वीट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें लिखा है, 'वी आर 162'। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक दरअसल शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने गवर्नर को यह संदेश देने के लिए विधायकों की परेड कराने का प्लान बनाया है कि बीजेपी के विश्वास मत प्रस्ताव में असफल रहने पर उन्हें सरकार गठन के लिए बुलाया जाना चाहिए।

बता दें कि कुछ देर पहले ही एनसीपी विधायक दल के नेता जयंत पाटिल ने कहा कि हम किसी भी समय महाराष्ट्र के राज्यपाल के सामने 162 विधायकों की परेड करा सकते हैं। वहीं कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना नेताओं ने सभी विधायकों के समर्थन का शपथ पत्र सौंप दिया है। यह शपथ पत्र राजभवन के अधिकारियों को सौंपा गया है।

बता दें कि शनिवार को देवेंद्र फडणवीस के अचानक सीएम और अजित पवार के डेप्युटी सीएम की शपथ लेने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया था।