Navratri 2019 : दुर्गा मां की सबसे महंगी मूर्ति, जड़ा 50 क‍िलो सोना, कीमत 20 करोड़

नवरात्रि (Navratri 2019) का पर्व देशभर में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। नौ दिन तक चलने वाले इस पर्व में एक से बढ़कर एकदुर्गा प्रत‍िमाएं देशभर में बनती हैं और चर्चा का व‍िषय बनती हैं लेक‍िन इस बार एक दुर्गा पंडाल ने पूरे देश का ध्यान अपनी और खींचा है। कोलकाता की एक दुर्गा उत्सव समिति ने माता दुर्गा की मूर्ति पर 50 किलो यानि तकरीबन 20 करोड़ रुपये का सोना लगाया है। समिति का दावा है कि यह इस नवरात्र में देश की सबसे महंगी मूर्ति है। यह मूर्ति 13 फीट ऊंची है। इसकी सुरक्षा में भारी मात्रा में पुल‍िस बल लगाया गया है। सोने से जड़ी दुर्गा की इस मूर्ति पर हर तरह से नजर रखी जाती है।

समिति के सचिव सजल घोष ने एक एजेंसी को बताया कि माता को सिर से पैर तक सोने की परतों से मढ़ा गया है। उन्होंने दावा क‍िया क‍ि संभवत: इस नवरात्र में यह देश में सबसे महंगी मूर्ति है। माता की सवारी शेर और महिषासुर को भी सोने से सजाया गया है। सोने से सजे हुए शेर एक अलग ही आभा प्रस्तुत करते हैं जो लोगों को प्रभाव‍ित कर रहा है। दुर्गा पूजा में सोने से सजे इस महंगे पंडाल के दर्शन के लिए भारी मात्रा में लोग पहुंच रहे है।


बता दे, नवरात्र मां के अलग-अलग रूपों को निहारने का सुंदर पर्व है। माना जाता है कि नवरात्र में किए गए प्रयास शुभ संकल्प बल के सहारे देवी दुर्गा की कृपा से सफल होते हैं। काम, क्रोध, मद, मत्सर और लोभ आदि जितनी भी राक्षसी प्रवृत्तियां हैं उनका हनन करके हम विजय का उत्सव मनाते हैं। हर एक व्यक्ति जो पूरे वर्ष भर कार्य करते-करते थक जाता है, उसके लिए यह नौ दिन ऊर्जा समेटने का अवसर है। यह अवसर है शरीर की शुद्धि, मन की शुद्धि, बुद्धि की शुद्धि और सत्व की शुद्धि का और शुद्धिकरण का यह पवित्र पर्व ही नवरात्र है।